
परासिया। ईद मिलादुन्नबी के मौके पर परासिया में इस्लामी राष्ट्र फिलिस्तीन का झंडा लहराने वाले तीन युवकों के खिलाफ पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बताया कि धार्मिक त्योहार पर दूसरे राष्ट्र का झंडा लहराने के मामले में तीनों युवकों पर धारा 170 के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय से जमानत न मिलने पर तीनों को जेल भेज दिया गया। जांच में सामने आया कि जिस फिलिस्तीन का झंडा चांदामेटा में लहराया गया था, वह परासिया में ही बनाया और सिलवाया गया था। पूछताछ के दौरान युवकों ने स्वीकार किया कि उन्होंने झंडा यहीं तैयार कराया था। पुलिस ने झंडा बनाने और सिलने वाले युवकों को भी आरोपी बनाया है। उल्लेखनीय है कि धार्मिक त्योहार पर फिलिस्तीन का झंडा लहराने की घटना को लेकर विहिप ने आपत्ति दर्ज कराते हुए एसडीओपी को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद पुलिस ने तीन दिन तक पूछताछ करने के पश्चात मामला दर्ज कर कार्रवाई की।
