
इटारसी। नर्मदापुरम जिले में सोमवार को भी बारिश का दौर जारी रहा, जिससे कई तहसीलों में अच्छी वर्षा दर्ज की गई। आज सुबह 8 बजे तक नर्मदापुरम तहसील में 85.8 मिमी और माखन नगर में 52 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं डोलरिया में 67 मिमी, इटारसी में 27.8 मिमी, सोहागपुर में 18 मिमी और सिवनी मालवा में 10 मिमी वर्षा हुई, जबकि पिपरिया में बारिश नहीं दर्ज की गई।
लगातार बारिश से जिले के प्रमुख बांधों का जलस्तर तेजी से बढ़ा है। तवा डैम का जलस्तर 1164.50 फीट पर पहुंच गया, जिसके चलते 3 गेट 3-3 फीट तक खोलकर 15,666 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। बरगी डैम में जलस्तर 422.70 फीट पर है, जहां से 5 गेटों के जरिए 780 क्यूमेक पानी छोड़ा गया। बारना डैम का जलस्तर 348.37 फीट और सेठानी घाट पर नर्मदा नदी का स्तर 942.70 फीट दर्ज किया गया।
प्रशासन ने बढ़ते जलस्तर को देखते हुए नदी किनारे बसे लोगों को सतर्क रहने की अपील की है।
