सौसर: सौसर के लोधीखेड़ा थानाक्षेत्र के ग्राम खैरी तायगांव में गुरुवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब गांव से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर एक खेत में एक महिला का नरकंकाल बरामद हुआ। कंकाल की शिनाख्त कपड़ों के आधार पर प्रमिला पति नागोराव गजभिए 48 वर्ष, निवासी खैरी तायगांव के रूप में की गई है। पुलिस के अनुसार महिला पिछले दो महीनों से लापता थी।
कपास चुनने गई महिलाओं को दुर्गंध आने से हुआ घटना का खुलासा
घटना का खुलासा तब हुआ जब गुरुवार को को कुछ महिलाएं खेत में कपास चुनने के लिए गई थीं। कार्य के दौरान उन्हें तेज दुर्गंध आई, जिसके बाद पास जाकर देखने पर वहां एक क्षत-विक्षत नरकंकाल दिखाई दिया। घबराई हुई महिलाओं ने तुरंत ग्रामीणों को इसकी सूचना दी, जिसके बाद लोधीखेड़ा पुलिस को सूचित किया गया।
मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने की बात आई सामने
लोधीखेड़ा थाना प्रभारी एबी मर्सकोले ने अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस द्वारा की गई प्रारंभिक पूछताछ में परिजनों ने बताया कि प्रमिला की मानसिक स्थिति पिछले कुछ समय से ठीक नहीं थी। वह करीब दो माह पूर्व घर से बिना बताए कहीं निकल गई थी और तब से उसका कोई सुराग नहीं लगा था।
छिंदवाड़ा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया नर कंकाल
पुलिस ने पंचनामा कर कंकाल को पोस्टमार्टम के लिए सौसर के सिविल अस्पताल पहुंचाया। बीएमओ डॉ. योगेश शुक्ला ने बताया कि,सिविल अस्पताल में फोरेंसिक लैब और उन्नत परीक्षण की सुविधा उपलब्ध नहीं है। नियमानुसार कंकाल का विस्तृत परीक्षण और डीएनए,फोरेंसिक जांच आवश्यक है, इसलिए इसे छिंदवाड़ा मेडिकल कॉलेज रेफर करने की कार्यवाही की जा रही है।
संदेह के घेरे में मामला: पुलिस जांच जारी
भले ही प्राथमिक तौर पर इसे लापता होने का मामला माना जा रहा है, लेकिन घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस इस बात की भी तफ्तीश कर रही है कि जब महिला दो महीने से लापता थी, तो परिजनों ने इसकी औपचारिक सूचना थाने में क्यों नहीं दी?
थाना प्रभारी मर्सकोले के अनुसार, मौके पर फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है ताकि साक्ष्य जुटाए जा सकें। मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो पाएगा।
