
सिरोंज। शहर की सड़कों पर फैलते अतिक्रमण ने प्रशासन को एक बार फिर सख्त कदम उठाने पर मजबूर कर दिया है। विधायक द्वारा चिंता जताने के बाद नगरपालिका ने नया बस स्टैंड क्षेत्र से अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही शुरू की है। सड़क किनारे रखे सामान, ठेले, गुमठी और टीनशेड को हटाया जा रहा है।
हालांकि, यह पहली बार नहीं है जब सिरोंज में अतिक्रमण विरोधी मुहिम चली हो। हर बार की तरह इस बार भी कार्रवाई के बाद स्थिति कुछ दिन सुधरने की उम्मीद है, लेकिन स्थायी समाधान का अभाव प्रशासन की सबसे बड़ी चुनौती बना हुआ है।
लिंक रोड, बासौदा नाका, छत्री नाका और मुख्य बाजार जैसी प्रमुख सड़कों पर दुकानदारों ने कई फीट तक सड़क घेर रखी है। इससे मार्ग सकरा हो जाता है और जाम की स्थिति आम हो गई है। शहरवासियों का कहना है कि नगरपालिका यदि अभियान के बाद भी नियमित निगरानी रखे तो समस्या दोबारा सिर नहीं उठाएगी।
मुख्य नगरपालिका अधिकारी रामप्रकाश साहू ने बताया कि पूरे शहर में अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया जाएगा, जिसमें सड़कों और शासकीय भूमि से सभी तरह के अवैध कब्जे हटाए जाएंगे।
