
नई दिल्ली। भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के पर्वतारोहण दल ने 16 सितंबर 2026 को 7,355 मीटर ऊंची माउंट अबी गामिन चोटी का सफल आरोहण किया। इस उपलब्धि के बाद बुधवार को आईटीबीपी महानिदेशालय, नई दिल्ली में अभियान का फ्लैग-इन समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आईटीबीपी के महानिदेशक शत्रुजीत कपूर ने पर्वतारोहण दल और पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि पर्वतारोहण आईटीबीपी की कार्यसंस्कृति का अभिन्न अंग है। इससे हिमवीरों की शारीरिक क्षमता, मानसिक दृढ़ता और दुर्गम परिस्थितियों में काम करने की दक्षता विकसित होती है। वहीं, खेल अनुशासन, टीम भावना और उत्कृष्टता को बढ़ावा देते हैं।
एशियाई खेलों के पदक विजेता भी सम्मानित
समारोह में जनवरी से अक्टूबर 2026 के दौरान विभिन्न राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को महानिदेशक प्रशस्ति चिह्न और प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए।
आईटीबीपी की सहायक उप निरीक्षक (जीडी) परवीन ने जापान में आयोजित 20वें एशियाई खेल-2026 में मुक्केबाजी में स्वर्ण पदक जीता। वहीं, बल के सिपाही (जीडी) नीरज चौहान ने तीरंदाजी में एक रजत और एक कांस्य पदक हासिल किया। दोनों खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से देश और बल का गौरव बढ़ाया।
महानिदेशक ने खिलाड़ियों की उपलब्धियों में प्रशिक्षकों और टीम प्रबंधकों के योगदान की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि आईटीबीपी अपने पर्वतारोहियों और खिलाड़ियों को उच्चस्तरीय प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं और आवश्यक प्रोत्साहन देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास जताया कि बल के जवान भविष्य में भी अपने साहस, कौशल और समर्पण से राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नए कीर्तिमान स्थापित करेंगे।
कार्यक्रम में अपर महानिदेशक (मुख्यालय) संजय गुंज्याल सहित बल के वरिष्ठ अधिकारी, पर्वतारोहण दल के सदस्य, खिलाड़ी, प्रशिक्षक और टीम प्रबंधक उपस्थित रहे।
