उज्जैन: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में सिंहस्थ महापर्व 2028 की तैयारियों को लेकर शहर में विभिन्न विकास कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। सिंहस्थ के दौरान साधु-संतों की पेशवाई और श्रद्धालुओं के विशाल सैलाब के सुगम आवागमन को ध्यान में रखते हुए शहर के प्रमुख मार्गों को व्यवस्थित किया जा रहा है।
इसी क्रम में नगर निगम द्वारा बुधवार को नीलगंगा क्षेत्र में प्लेटफॉर्म क्रमांक 8 के सामने मुख्य मार्ग पर किए गए लगभग 8 से 10 अवैध अतिक्रमण एवं अवैध निर्माणों को हटाने की कार्रवाई की गई।
निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा के निर्देशानुसार की गई इस कार्रवाई का उद्देश्य सिंहस्थ के दौरान श्रद्धालुओं, साधु-संतों और आम नागरिकों के आवागमन को सुगम बनाना है। निगम आयुक्त द्वारा निरीक्षण के दौरान लोटी तिराहे से नीलगंगा पेशवाई मार्ग के बीच प्लेटफॉर्म क्रमांक 8 के सामने किए गए अतिक्रमणों को हटाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए थे। उक्त क्षेत्र में मकानों, दुकानों, गैरेज आदि के माध्यम से सडक़ किनारे किए गए अतिक्रमणों के कारण आवागमन में परेशानी हो रही थी। इसे देखते हुए निगम की रिमूवल गैंग ने जेसीबी की सहायता से कार्रवाई करते हुए अवैध अतिक्रमणों को हटाया।
नीलगंगा क्षेत्र सिंहस्थ महापर्व की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। नीलगंगा तालाब से निकलने वाली साधु-संतों की पेशवाई इसी मार्ग से होकर गुजरती है। सिंहस्थ के दौरान देशभर से साधु-संतों और लाखों श्रद्धालुओं का उज्जैन आगमन होता है। ऐसे में पेशवाई मार्ग को अतिक्रमण मुक्त और व्यवस्थित बनाना आवश्यक है, ताकि श्रद्धालुओं की आवाजाही के दौरान किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
लोटी स्कूल की तरफ रेलवे स्टेशन तरफ भी निर्माण
इसके साथ ही उज्जैन रेलवे स्टेशन के निर्माण एवं विकास कार्यों सहित सिंहस्थ से जुड़े विभिन्न प्रोजेक्ट पर भी कार्य चल रहे हैं। शहर में नालियों का निर्माण, चौराहों का विकास और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए विभिन्न स्तरों पर काम किया जा रहा है। महाकालेश्वर मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए भी प्रमुख मार्गों को व्यवस्थित किया जा रहा है। इसी व्यापक योजना के तहत नीलगंगा क्षेत्र में सडक़ किनारे किए गए अवैध अतिक्रमणों और निर्माणों को हटाया गया, जिससे मार्ग को अधिक सुगम और व्यवस्थित बनाया जा सके। नगर निगम द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान पर्यावरण संरक्षण का भी ध्यान रखा गया। कार्रवाई के दौरान दो पीपल के वृक्षों को पुन: प्रत्यारोपित कर लोटी स्कूल परिसर में स्थानांतरित किया गया। कार्रवाई के दौरान मनोज राजवानी, कार्यपालन यंत्री दीपक शर्मा, भवन निरीक्षक योगिता तंवर सहित नगर निगम की रिमूवल गैंग उपस्थित रही।
