
इंदौर: लसूड़िया पुलिस ने धार निवासी एक युवक को एमडी ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया है. पुलिस द्वारा एनआरआई कॉलोनी रोड, अरंडिया बायपास पर की जा रही संदिग्धों की तलाशी के दौरान पकड़े गए इस युवक के पास से 12.72 ग्राम एमडी बरामद हुई. इसकी कीमत करीब 30 हजार रुपए बताई गई है.लसूड़िया पुलिस की टीम सोमवार 31 अगस्त को क्षेत्र में संदिग्धों की निगरानी और तलाशी कर रही थी. इसी दौरान अजय पिता बलराम पाटीदार उम्र 23 साल निवासी ग्राम दत्तीगारा, तहसील बदनावर, जिला धार पुलिस के हाथ लगा.
तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एमडी ड्रग्स मिली. पुलिस ने नशीला पदार्थ जब्त कर आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है. उसे न्यायालय में पेश करने के बाद पुलिस रिमांड पर लिया गया है. मामले में एडिशनल डीसीपी अमरेन्द्र सिंह ने बताया कि आरोपी से पूछताछ में ड्रग्स के स्रोत और उससे जुड़े लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है. पुलिस यह भी पता लगा रही है कि आरोपी इससे पहले कितनी बार मादक पदार्थ की सप्लाई कर चुका है. पूछताछ में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों पर भी कार्रवाई की जाएगी.
