इंदौर:पुलिस कमिश्नर की मंगलवार को हुई जनसुनवाई में शहर के अलग-अलग हिस्सों से 96 शिकायतें पहुंचीं. इनमें पति-पत्नी और बेटा-बहू के विवाद के साथ साइबर व वित्तीय ठगी, जमीन-मकान से जुड़े धोखाधड़ी के मामले, पैसों के लेन-देन, महिला अपराध और पुलिस में सुनवाई नहीं होने जैसी शिकायतें शामिल थीं. पुलिस कमिश्नर ने आवेदकों की समस्याएं सुन संबंधित अधिकारियों को जल्द और उचित कार्रवाई के निर्देश दिए.
मंगलवार को कमिश्नर कार्यालय के सभागार में पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने जनसुनवाई की. बड़ी संख्या में लोग अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे. कई मामलों में आवेदकों ने पुलिस स्तर पर कार्रवाई नहीं होने या अपेक्षित समाधान नहीं मिलने की शिकायत भी रखी. जनसुनवाई में दस्तावेजों पर लोन लेकर धोखाधड़ी करने, इवेंट फर्म द्वारा पैसे लेने के बाद काम नहीं करने, पैसे लेने के बावजूद सामान नहीं देने और दुकान में तोड़फोड़ करने जैसी शिकायतें भी सामने आईं. इसके अलावा प्लॉट-मकान और जमीन की धोखाधड़ी से जुड़े मामले भी पुलिस के सामने रखे गए.
पुलिस कमिश्नर ने प्रत्येक आवेदक की शिकायत सुनने के बाद संबंधित अधिकारियों से मौके पर ही जानकारी ली. कुछ मामलों में अधिकारियों से फोन पर चर्चा कर कार्रवाई के निर्देश दिए. अधिकारियों को शिकायतों की जांच कर जल्द निराकरण सुनिश्चित करने के लिए कहा. इस दौरान अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मयंक अवस्थी सहित सभी जोन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे. पुलिस अधिकारियों ने आवेदकों को उनकी शिकायतों पर नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिलाया.
पारिवारिक विवादों में काउंसलिंग पर जोर
जनसुनवाई में आने वाली कई शिकायतें पारिवारिक विवादों से जुड़ी होती हैं. ऐसे मामलों में पुलिस मध्यस्थता केंद्रों के माध्यम से दोनों पक्षों की काउंसलिंग कर विवाद को आपसी सहमति से सुलझाने का प्रयास कर रही है. मंगलवार को भी अधिकारियों को ऐसे मामलों में आवश्यक काउंसलिंग और कार्रवाई के निर्देश दिए.
