ग्वालियर: ग्वालियर मेला मैदान में आज 2 सितंबर को बलराम जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित हो रहे राज्य स्तरीय किसान समागम और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आगमन को लेकर तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। जिला पंचायत सीईओ सोजान सिंह रावत, नगर निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी, ग्वालियर एसएसपी धर्मवीर सिंह यादव और अपर कलेक्टर अनिल बनवारिया ने तैयारी का मुआयना किया। सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
मेला ग्राउंड कार्यक्रम स्थल पर आयोजन के लिए तीन बड़े पंडाल लगाए गए हैं, पंडाल के अंदर ग्वालियर चंबल संभाग और अन्य जिलों से आने वाले किसानों के लिए करीब 5 हजार से ज्यादा कुर्सियां लगाई गई हैं। पंडाल के अंदर जलपान की व्यवस्था रखी गई है। इसके साथ सुरक्षा व्यवस्था के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। यातायात को देखते हुए कई रूटों को डायवर्ट किया गया है जिससे शहर में जाम की स्थिति पैदा ना हो। किसानों के लिए लगाई गई प्रदर्शनी में आधुनिक खेती उपकरण रखे गए हैं।
सीईओ रावत ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि किसान व हितग्राही बिना किसी असुविधा के अपने निर्धारित सेक्टर तक पहुंच सकें। हर सेक्टर में स्वच्छ पेयजल के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
विशेष सर्विस काउंटर: कार्यक्रम स्थल पर आयुष्मान कार्ड और आधार कार्ड बनाने के लिए अलग से विशेष काउंटर लगाए गए हैं। इसके अलावा विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं के आवेदन भी मौके पर ही भरवाए जा रहे हैं।
खेती-किसानी और सहकारिता से जुड़ी सरकारी योजनाओं की प्रदर्शनी के लिए अलग सेक्टर बनाया गया है। इसका ढांचा इस तरह तैयार किया गया है जिससे किसान आसानी से भ्रमण कर सकें।
