गुना:जिले के बमोरी क्षेत्र की मुहाल कॉलोनी में गत शाम अचानक बीमारी का ऐसा प्रकोप फैला कि गांव में अफरा-तफरी मच गई। उल्टी-दस्त की शिकायत के साथ एक के बाद एक ग्रामीण बीमार पड़ते चले गए। देखते ही देखते यह संख्या दो दर्जन से ऊपर पहुंच गई, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। गंभीर हालात में कई मरीजों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया, जबकि कुछ को निजी अस्पतालों में भर्ती कराना पड़ा।
बीमारी की चपेट में एक महिला उर्मिला बाई की मौत हो गई है। जबकि तीन-चार पहले एक अन्य बुजुर्ग की भी मौत हुई थी। गांव में अचानक बड़ी संख्या में लोगों के बीमार होने के बाद प्रशासन हरकत में आया। स्वास्थ्य विभाग की टीम को तत्काल गांव भेजा गया, जहां उन्होंने पानी के स्रोतों की जांच शुरू की और सैंपल भी लिए। शुरुआती अनुमान में बीमारी का कारण दूषित पेयजल को माना जा रहा है। बड़ी बात है कि स्वास्थ्य विभाग के आला अधिकारियों ने किसी भी मौत से साफ इंकार कर दिया। जो मौतें हुई हैं उन्हें उन्होंने सामान्य मौतें बताई।
ग्रामीणों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से कॉलोनी में सप्लाई हो रहा पानी गंदा आ रहा था, लेकिन शिकायतों के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। बुधवार को जब एक के बाद एक लोग बीमार होने लगे तो मामला गंभीर हो गया। गांव में स्वास्थ्य अमले की मौजूदगी से फिलहाल लोगों में कुछ राहत जरूर है, लेकिन भय का माहौल अभी भी बना हुआ है। प्रशासन ने पेयजल के वैकल्पिक इंतजाम के साथ-साथ स्वच्छता अभियान शुरू करने की बात कही है। फिलहाल सभी ग्रामीणों को उबला हुआ पानी पीने की सलाह दी गई है और मेडिकल टीम लगातार निगरानी में जुटी हुई है।
पीडि़तों ने बताया पांच-छह दिन से फैल रहा हैजा, दो की मौत
इस बारे में जिला अस्पताल में राहुल राठौर ने बताया कि कल रात से उल्टी दस्त लग रहे हैं। पिछले कई दिनों से गंदा और दूषित पानी आ रहा था। यह पानी सरकारी टंकी से आता है। चार-पांच दिन से गांव में लोग बीमार हो रहे हैं। मेरे परिवार की उर्मिला बाई का निधन हो गया है। वहीं पठार बस्ती में भी एक की मौत की बात सामने आई है। मौत के बाद हम लोग अस्पताल में आए हैं। अभी तक स्वास्थ्य विभाग की कोई टीम नहीं पहुंची है। वहीं अस्पताल में ही भर्ती विनोद सहरिया ने बताया कि कल तक सब ठीक था। शाम को फ्रेश होने गया तो दस्त के साथ उल्टी शुरू हो गई। उसके बाद मेरी ऐसी हालत बिगड़ी कि परिजन सीधे अस्पताल लेकर पहुंचे। कुछ गलत भी नहीं खाया।
इनका कहना है
अब गांव में सामान्य स्थिति है। सूचना मिलते ही हमारी टीम गांव में पहुंची है और उपचार कर रही है। इसमें कोई भी जनहानि नहीं हुई है। जो मौतें हुई हैं वह सामान्य मौतें हैं। -आारआर माथुर, प्रभारी सीएमएचओ
