
इंदौर. मेघदूत गार्डन के पास रविवार देर रात एक मिनी ढाबा संचालक पर बाइक सवार बदमाशों ने चाकू से हमला कर दिया. वारदात में छोटे भाई की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बड़ा भाई और उनका दोस्त घायल हो गए. घटना के बाद आरोपी फरार हो गए, लेकिन पुलिस ने बाइक जब्त कर एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है.
विजयनगर थाना प्रभारी चंद्रकांत पटेल ने बतायाकि रात करीब 12:30 से एक बजे के लगभग 25 वर्षीय लेखराज जाटव, उसका बड़ा भाई शुभम और उनका दोस्त बंटी दुकान बंद कर घर लौट रहे थे. इसी दौरान स्कीम नंबर 54 की वाइन शॉप से निकले तीन युवक उनकी ओर आए. आरोप है कि उन्होंने लेखराज के पास थूका, जिस पर लेखराज ने विरोध किया. विवाद बढ़ते ही तीनों ने चाकू से हमला कर दिया. लेखराज के सीने में गंभीर चोट आई और उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. शुभम और बंटी को हाथ और पैर में चोटें आई हैं. लेखराज के पिता रमेश जाटव ने बताया कि दोनों बेटे और बंटी मिलकर ‘राजा राम मिनी ढाबा’ चलाते थे. मामले में पुलिस ने हमले में उपयोग की गई बाइक के नंबर के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है, वहीं अन्य दो आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है.
