
मुंबई। वडाला ईस्ट इलाके में घर पर मसाज सेवा को लेकर हुआ एक मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसा में बदल गया। 46 वर्षीय महिला ने कंधे की समस्या (फ्रोजन शोल्डर) के लिए एक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए मसाज बुक की थी, लेकिन जब थेरेपिस्ट तय समय पर यूनिफॉर्म में घर पहुंची तो महिला ने सेवा रद्द करने की कोशिश की।
बताया जा रहा है कि देर से कैंसिलेशन को लेकर दोनों पक्षों में बहस शुरू हुई, जो जल्द ही हाथापाई में बदल गई। घटना का वीडियो महिला के बेटे ने मोबाइल पर रिकॉर्ड किया, जिसमें वह अपनी मां को बचाने की कोशिश करता नजर आ रहा है। इसी दौरान उसे भी धक्का दिया गया और मारा गया।
वीडियो सामने आने के बाद मामला सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गया। जहां एक ओर लोग महिला और उसके बेटे पर हुए हमले को लेकर नाराजगी जता रहे हैं, वहीं कुछ लोग गिग वर्कर्स पर लेट कैंसिलेशन से पड़ने वाले आर्थिक दबाव की ओर भी ध्यान दिला रहे हैं।
घटना के बाद संबंधित ऑनलाइन सेवा कंपनी ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी थेरेपिस्ट को सेवा से हटा दिया। कंपनी ने स्पष्ट किया कि थेरेपिस्ट स्वतंत्र पार्टनर थी और हिंसा किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है।
पुलिस ने मामले में गैर-संज्ञेय शिकायत दर्ज की है। अधिकारियों के मुताबिक, इस तरह के मामलों में दोनों पक्षों की सहमति के बिना गिरफ्तारी संभव नहीं होती, इसलिए फिलहाल कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।
यह घटना महानगरों में बढ़ती होम-सर्विस संस्कृति, गिग वर्कर्स की चुनौतियों और ग्राहकों की सुरक्षा
तीनों पर एक साथ सवाल खड़े कर रही है।
