
इंदौर. पुलिस कमिश्नर कार्यालय में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में 100 शिकायतें पहुंचीं. इनमें सबसे अधिक पारिवारिक व वैवाहिक विवाद, जमीन मकान के झगड़े, साइबर व वित्तीय ठगी, महिला अपराध और पुलिस द्वारा सुनवाई नहीं होने से जुड़े मामले शामिल रहे. अधिकांश मामलों में संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए.
मंगलवार को पुलिस कमिश्नर कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में शहरभर से आए लोगों ने अपनी शिकायतें दर्ज कराईं, 100 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें पारिवारिक एवं वैवाहिक विवाद, माता पिता से प्रताड़ना, आपसी विवाद, पैसों के लेन देन, प्लॉट, मकान और भूमि विवाद, अवैध कब्जे, वित्तीय धोखाधड़ी, महिला अपराध तथा पुलिस कार्रवाई से जुड़ी शिकायतें प्रमुख रहीं. जनसुनवाई के दौरान पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने एक एक आवेदक की बात सुनने के बाद संबंधित अधिकारियों को कई मामलों में मौके पर ही आवश्यक निर्देश दिए, जबकि शेष प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के लिए जवाबदेही तय की गई. बैठक में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मयंक अवस्थी सहित सभी जोन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे. कई मामलों में तत्काल कार्रवाई शुरू कराई गई. वहीं, पुलिस ने बताया कि पारिवारिक और आपसी विवादों के निपटारे के लिए मध्यस्थता केंद्रों के माध्यम से काउंसलिंग भी लगातार कराई जा रही है, जिससे आपसी सहमति से विवादों का समाधान हो सके.
