पुलिस को चुनौती देता मादक कारोबार

मालवा- निमाड़ की डायरी

संजय व्यास

मालवा- निमाड़ अंचल अवैध मादक कारोबार में काफी जकड़ चुका है. हर दिन कहीं न कहीं मादक पदार्थों के पेडलर पकड़े जा रहे हैं . बीते समय में रतलाम, झाबुआ, मंदसौर- नीमच में मादक पदार्थ फैक्ट्रियों का भांडाफोड़ भी हुआ, पर जिस तेजी से इनके तस्कर पकड़ा रहे हैं, पुलिस के समक्ष कड़ी चुनौती पेश कर रहे है. यहां की पुलिस की निपुणता में उस समय सवालिया निशान लग जाते हैं, जब उनका खुफिया तंत्र नाकाम नजर आता है और राजस्थान- गुजरात की पुलिस यहां आकर मादक पदार्थों का बड़ा जखीरा पकड़ इस अवैध कारोबार का पर्दाफाश कर देती है. अंचल में पुलिस छुटपुट नशीले पदार्थों के साथ तस्करों को पकड़ तो रही है , मगर कारोबारियों की जड़ तक पहुंच सिंडिकेट का सफाया करने में अभी भी हाथ मल रही है. हालांकि पुलिस द्वारा नशा माफियाओं पर शिकंजा कसने के साथ 2029 तक ड्रग नेटवर्क को नेस्तनाबूत करने की बात कही जा रही है.

सिंडिकेट का अपना खुफिया तंत्र!

ड्रग्स के इस अवैध कारोबार में लिप्त सिंडिकेट पर हाथ न डाल पाने में पुलिस की असफलता के पीछे कुछ अपने ही कर्मियों की संदिग्ध भूमिका भी चर्चा में रहती है, जो जानकारी उपर तक पहुंचाने के बजाए दबा जाते हैं. दूसरी ओर सिंडिकेट अपना नेटवर्क मजबूत करता जा रहा है. मंदसौर जिले के गरोठ क्षेत्र में इन दिनों एक ऐसे ही सिंडिकेट की चर्चा जोरों पर है. चर्चा इस बात की भी है कि यह कोई साधारण गिरोह नहीं बल्कि एक संगठित नेटवर्क है. जिसमें करीब ढाई सौ युवा लडक़ों की पूरी फौज काम कर रही है. इन लोगों ने सिर्फ अवैध गतिविधियों तक खुद को सीमित नहीं रखा, बल्कि पुलिस की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए भी अलग से एक खुफिया तंत्र खड़ा कर लिया हैं.

कांग्रेस की कार्यकर्ताओं को कड़ी चेतावनी

विगत दिनों कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता राकेश सिंह यादव ने पार्टी से इस्तीफा देने के पूर्व जिस तरह वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ असहनीय टिप्पणियां की और आरोप लगाए, उससे आहत कांग्रेस नेतृत्व ने कड़ी सख्ती बरतने का फैसला ले लिया है. कांग्रेस कमेटी ने पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफार्मों पर पार्टी की नीतियों, सिद्धांतों एवं वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ की जा रही बयानबाजी और टिप्पणियों को अब अत्यंत गंभीरता से लिया है. इसे घोर अनुशासनहीनता मानते हुए संगठन ने इसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के कड़े निर्देश जारी किए हैं. इस महत्वपूर्ण विषय के संबंध में प्रदेश कांग्रेस के संगठन महामंत्री डॉ संजय कामले की ओर से अंचल के सभी जिला एवं शहर कांग्रेस अध्यक्षों को एक आधिकारिक पत्र भेजा है. प्रदेश कांग्रेस द्वारा जारी इन सख्त निर्देशों में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि पिछले कुछ समय से लगातार पार्टी के ही कुछ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता सोशल मीडिया पर पार्टी की नीतियों और नेताओं के विरुद्ध अनर्गल पोस्ट कर रहे हैं. इस प्रकार की अनुशासनहीनता अब किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी. पत्र के माध्यम से सभी जिला एवं शहर अध्यक्षों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने प्रभार क्षेत्र में पार्टी विरोधी पोस्ट करने वाले पदाधिकारियों की तत्काल पहचान करें और उन्हें नोटिस जारी करें. साथ ही चेतावनी दी है कि अब यदि कोई भी पदाधिकारी या सदस्य सोशल मीडिया पर पार्टी की छवि धूमिल करने वाली पोस्ट करता है, तो उसके खिलाफ तुरंत संगठनात्मक स्तर पर कार्रवाई होगी.

Next Post

घर में काम करते समय युवक को लगा करंट, जांच में जुटी पुलिस

Tue Jul 14 , 2026
दमोह। घर में काम करते समय करंट लगने से एक 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना मंगलवार की है।प्राप्त जानकारी के अनुसार सीता नगर निवासी दुर्गेश पिता संतोष खंगार, उम्र 25 वर्ष घर में काम कर रहा था। इसी दौरान उसे करंट लग गया। परिजन तुरंत उसे इलाज […]

You May Like