भोपाल। नगर निगम के भदभदा गार्बेज प्लांट पर शनिवार को एक गंभीर हादसा हो गया. दुर्घटना में एक कचरा वाहन चालक के पैर में गंभीर चोट आई, जिसे कर्मचारियों की मदद से उपचार के लिए एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
मिली जानकारी के अनुसार नेहरू नगर क्षेत्र का कचरा भदभदा स्थित गार्बेज प्लांट में लाया जाता है. जोन-21 के वार्ड-26 में स्थित इस प्लांट पर छोटे कचरा वाहन कचरा खाली करते हैं, जिसे मशीनों के माध्यम से ट्रकों में भरकर आदमपुर खंती भेजा जाता है.
बताया गया है कि जोन-21 का मैजिक कचरा वाहन (एमपी-04 एलडी 7977) कचरा डालने के लिए प्लांट पर पहुंचा था. इसी दौरान चालक पवन ने वाहन को बैक करने के लिए तेज गति से आगे बढ़ाया, लेकिन नियंत्रण खो बैठा और वाहन जोन-8 के चालक अरुण की गार्बेज गाड़ी के केबिन से टकरा गया. हादसे में अरुण के पैर में गंभीर चोट आई. मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने उसे तुरंत एम्स पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है.
घायल चालक अरुण दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी बताया जा रहा है. कर्मचारियों का कहना है कि गार्बेज प्लांट पर कार्यरत कई कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं मिलता, जिससे वे आर्थिक और मानसिक परेशानी झेल रहे हैं.
लाइसेंस को लेकर भी सवाल
नियमों के अनुसार सरकारी विभाग में वाहन चालक के लिए भारी वाहन चलाने का लाइसेंस होना आवश्यक है. हालांकि जानकारी मिली है कि नगर निगम के कई छोटे कचरा वाहनों के चालक केवल हल्के वाहन चलाने का लाइसेंस रखते हैं.
जोन प्रभारी नहीं दिखा सके लाइसेंस
दुर्घटना के बाद जब जोन-21 के प्रभारी से चालक पवन का ड्राइविंग लाइसेंस दिखाने को कहा गया तो उन्होंने बाद में जानकारी देने की बात कही.
92 कचरा वाहन और करीब 250 कर्मचारी
भदभदा गार्बेज प्लांट जोन-21 के अंतर्गत आता है, जहां करीब 92 छोटे कचरा वाहन शहर से कचरा एकत्र कर लाते हैं. इन वाहनों पर लगभग 250 कर्मचारी ड्राइवर और सहायक के रूप में कार्यरत हैं.
