लोकसभा में तमिलनाडु की लंबित मनरेगा राशि जारी करने की मांग

नयी दिल्ली, 27 मार्च (वार्ता) द्रविड मुनेत्र कषगम (द्रमुक) सांसदों ने गुरुवार को लोकसभा में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी (मनरेगा) कानून की राशि रोके जाने का मुद्दा उठाते हुये करीब चार हजार करोड़ रुपये की इस राशि को तत्काल जारी करने की मांग की।

द्रमुक सदस्य डॉ कलानिधि वीरास्वामी ने शून्य काल में कहा कि तमिलनाडु की मनरेगा के करीब 4000 करोड़ रुपये और शिक्षा के क्षेत्र में लगभग 2152 करोड़ रुपये केन्द्र सरकार ने रोक रखे हैं। उन्होंने इन राशियों को तत्काल जारी करने की मांग की। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु के साथ अन्याय किया जा रहा है, जो उचित नहीं है।

द्रमुक के ही अन्नादुरई ने भी राज्य की मनरेगा की निधि जारी करने की मांग की। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु की करीब 4000 करोड़ रुपये की राशि लंबित है, इसे रोकना ग्रामीण क्षेत्रों के कामगारों के लिये अन्याय है, अत: केन्द्र सरकार इस निधि को तत्काल जारी करे।

उन्होंने कहा कि सांसदों का वेतन बढ़ा दिया गया है, लेकिन सांसद विकास निधि की राशि नहीं बढ़ायी गयी है। उन्होंने सांसद विकास निधि बढ़ाने की मांग करते हुये कहा कि इससे उनके निर्वाचन क्षेत्रों में विकास के कार्य कराये जा सकेंगे और इस तरह लोगों की सहायता की जा सकेगी।

भारतीय जनता पार्टी के बृजमोहन अग्रवाल ने छत्तीसगढ़ में कोयला, लौह, बाक्साइट आदि खदानों में खनन के बाद गंदा पानी भरने की समस्या की ओर सरकार का ध्यान आकृष्ट कराते हुये इन्हें समतल करवाने की मांग की। उन्होंने कहा कि इनके खुदाई के बाद खाली रह जाने से दुर्घटनायें होती हैं और पर्यावरण को नुकसान पहुंचता है। उन्हें इन खदानों को समतल करवाने की मांग की।

Next Post

संगीत यूनिवर्सिटी में शिक्षक भेज रहा था अश्लीली मेसेज छात्राओं ने कुलपति-कुलसचिव को बनाया बंधक फिर छोड़ा

Thu Mar 27 , 2025
ग्वालियर: राजा मानसिंह संगीत व कला विश्वविद्यालय में फाइन आर्ट के शिक्षक साजन कूरियन मैथ्यू पर छात्राओं ने अश्लील मैसेज, प्रताड़ना, रात के समय फोन करने का आरोप लगाया है। इस आरोप के बाद विश्वविद्यालय में हंगामा मच गया। विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता छात्राओं के साथ विवि पहुंचे और शिक्षक […]

You May Like