सतना: विश्व प्रसिद्ध मां शारदा देवी मंदिर में गुरुवार तड़के चैत्र नवरात्रि मेले का आरंभ हुआ। सुबह 3 बजे मंदिर के पट खुलते ही पूरा परिसर जयकारों से गूंज उठा और भक्तों की लंबी कतारें लग गईं। आलम यह रहा कि प्रथम दिवस पर 1 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने माता की ड्योढ़ी पर मत्था टेका।मंदिर के प्रधान पुजारी पवन दाऊ महाराज ने गुरुवार सुबह 4 बजे मां शारदा की पहली विशेष आरती संपन्न की। नवरात्रि के प्रथम दिन माता के ‘शैलपुत्री’ स्वरूप की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। पुजारी के अनुसार, अगले नौ दिनों तक माता के नौ अलग-अलग स्वरूपों की उपासना का क्रम जारी रहेगा। गौरतलब है कि नवरात्रि के प्रथम दिवस में 1800 बजे तक सीढ़ियों से 72010 , रोपवे मार्ग से 4500, वेन मार्ग से 1050 दर्शनार्थियों ने दर्शन कर किए । इस लिहाज शाम के 6 बजे तक कुल 77560 दर्शनार्थी दर्शन कर चुके थे।
मेले में शामिल होने के लिए बुधवार शाम से ही देश के विभिन्न राज्यों से श्रद्धालुओं का आगमन शुरू हो गया था। गुरुवार सुबह मैहर रेलवे स्टेशन पर भारी भीड़ दर्ज की गई, जहां ट्रेनों से उतरकर श्रद्धालु सीधे त्रिकूट पर्वत की ओर रवाना हुए। यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशन पर अतिरिक्त सहायता केंद्र क्रियाशील किए गए हैं।
मंदिर प्रबंधन ने किए व्यापक इंतजाम
श्रद्धालुओं की भारी संख्या को देखते हुए प्रशासन और मंदिर प्रबंधन ने सुरक्षा व पेयजल के पुख्ता इंतजाम किए हैं। देर शाम तक भी भक्तों के आने का सिलसिला जारी रहा। प्रशासन ने मेले के दौरान सुगम दर्शन के लिए कतार प्रबंधन और आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं की तैनाती सुनिश्चित की है।
