
जबलपुर। पाटन पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने नाकाबंदी कर एक स्विफ्ट कार से 4 अवैध देशी पिस्टल और 8 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इस मामले में दमोह निवासी दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है, जो हथियारों की खेप बेचने की फिराक में थे।
थाना प्रभारी पाटन गोपिन्द्र सिंह राजपूत ने बताया कि क्राइम ब्रांच को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक काले रंग की स्विफ्ट डिजायर कार क्रमांक एमपी 30 जेड जी 4139 में दो युवक सवार हैं। ये युवक अपनी कार की पिछली सीट पर रखे थैले में भारी मात्रा में अवैध हथियार और कारतूस लेकर किसी ग्राहक को सप्लाई करने की फिराक में पाटन-तेंदूखेड़ा मार्ग से गुजरने वाले हैं। सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच और पाटन थाने की संयुक्त टीम ने भडया पीपल के पास नाकाबंदी कर दी। कुछ ही देर में तेंदूखेड़ा की ओर से आती हुई संदिग्ध स्विफ्ट कार दिखी, जिसे पुलिस ने घेराबंदी कर रोका। तलाशी के दौरान कार की पिछली सीट पर एक लाल रंग का कपड़े का थैला मिला, जिसमें 4 देशी पिस्टल और 8 कारतूस छिपाकर रखे गए थे। पुलिस ने मौके से मयंक राजपूत (28) निवासी जबलपुर नाका, गुप्ता कोल्ड्रिंग के पीछे, थाना देहात, दमोह, राहुल उर्फ सूरज सिंह लोधी (27) निवासी सिविल वार्ड नंबर 4, बीएन कॉलेज के पास, कोतवाली जिला दमोह को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से 4 पिस्टल, 8 कारतूस, 3 मोबाइल, वारदात में प्रयुक्त स्विफ्ट कार जब्त कर ली है। पुलिस अब पकड़े गए आरोपियों से कड़ी पूछताछ कर रही है कि वे यह फायर आर्म्स कहाँ से लाए थे और किसे बेचने वाले थे।
