प्रसिद्ध पंडवानी गायिका तीजन बाई की तबीयत बिगड़ी, रायपुर एम्स के आईसीयू में भर्ती

दुर्ग, 12 मार्च (वार्ता) छत्तीसगढ़ की सुप्रसिद्ध पंडवानी गायिका और पद्मश्री, पद्म भूषण तथा पद्म विभूषण से सम्मानित लोक कलाकार तीजन बाई की तबीयत अचानक खराब होने के बाद उन्हें रायपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया है। अस्पताल में उन्हें न्यूरो सर्जरी विभाग के आईसीयू में रखा गया है, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उनकी स्थिति पर लगातार निगरानी रखे हुए है।

परिजनों से गुरुवार को मिली जानकारी के अनुसार, 70 वर्षीय तीजन बाई पिछले कुछ समय से स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रही हैं। वर्ष 2024 में उन्हें लकवे की शिकायत हुई थी, जिसके बाद से उनका उपचार जारी है।

बताया जा रहा है कि बीते लगभग 20 दिनों से उनकी तबीयत कमजोर रहने के कारण वे मुख्य रूप से जूस और फलों पर ही निर्भर थीं।

गौरतलब है कि हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के छत्तीसगढ़ दौरे के दौरान भी उनके स्वास्थ्य को लेकर परिवार के सदस्यों से चर्चा की गई थी। फिलहाल एम्स के चिकित्सक उनकी हालत पर लगातार नजर रखे हुए हैं और आवश्यक इलाज किया जा रहा है।

छत्तीसगढ़ की पारंपरिक लोककला पंडवानी को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाने में तीजन बाई की अहम भूमिका रही है। कपालिक शैली की प्रमुख कलाकार के रूप में उन्होंने देश ही नहीं, बल्कि दुनिया के कई मंचों पर अपनी कला का प्रदर्शन किया है। जानकारी के अनुसार वे अब तक करीब 17 देशों में पंडवानी की प्रस्तुति देकर छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक पहचान दिला चुकी हैं।

 

Next Post

बीसीसीआई ने अभ्यास सत्र के नये दिशा-निर्देश जारी किये

Thu Mar 12 , 2026
मुम्बई 12 मार्च (वार्ता) भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल ) में अभ्यास सत्र के लिए नये दिशा-निर्देश जारी करते हुए कहा है कि कोई भी टीम उस पिच पर अभ्यास नहीं कर सकती जिसका इस्तेमाल दूसरी टीम ने अपने नेट सत्र के दौरान किया हो। […]

You May Like