
नई दिल्ली। देश के पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों का कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने रविवार को नई दिल्ली में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में असम, पश्चिम बंगाल, केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी के चुनाव कार्यक्रम की जानकारी दी। चुनाव आयोग के अनुसार इन पांच में से चार राज्यों में एक ही चरण में मतदान कराया जाएगा, जबकि पश्चिम बंगाल में दो चरणों में वोटिंग होगी।
घोषित कार्यक्रम के मुताबिक असम, केरल और पुडुचेरी में 9 अप्रैल को एक ही चरण में मतदान कराया जाएगा। वहीं तमिलनाडु की सभी सीटों पर 23 अप्रैल को एक चरण में वोट डाले जाएंगे। दूसरी ओर पश्चिम बंगाल में चुनाव दो चरणों में होंगे, जहां 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को मतदान कराया जाएगा।
चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि इन सभी राज्यों के वोटों की गिनती एक साथ 4 मई को होगी और उसी दिन नतीजों की घोषणा कर दी जाएगी। आयोग के मुताबिक चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक सुरक्षा और प्रशासनिक तैयारियां भी शुरू कर दी गई है।
