
विदिशा। जिले के सिरोंज-बीना हाईवे पर ग्राम रसल्ली डामा के पास शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर पुलिया से करीब 15 फीट नीचे नाले में जा गिरी। कार में सात लोग सवार थे, जो उज्जैन से चंदेरी एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।
इस हादसे में सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि कार में मौजूद सात वर्षीय बच्चा पूरी तरह सुरक्षित बच गया। दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू कर दिया।
ग्रामीणों ने पत्थरों की मदद से कार के शीशे तोड़े और अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला। पानी में डूबने से बेहोश हुए कुछ घायलों को बाहर निकालकर प्राथमिक सहायता दी गई। स्थानीय लोगों की तत्परता से कई लोगों की जान बच सकी।
