
जबलपुर। शनिवार को शहर तीव्र शीतलहर की चपेट में रहा। सुबह और शाम ढलते ही ठंडी हवाएं चली। जिससे शहर ठुठरने के साथ लोगों की कपकपी छूट गई। ठंड से बचने लोग गरम कपड़े लादकर बाहर निकले। शनिवार को अधिकतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से तीन डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान 9.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ जो सामान्य से 5 डिग्री कम रहा। सुबह के वक्त आद्रता 63 और शाम को 58 प्रतिशत दर्ज की गई। उत्तर-पूर्वी हवाएं चार से पांच किमी की रफ्तार से चली।
मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण श्रीलंका और इसके निकटवर्ती दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर ऊपरी वायुमंडलीय चक्रवातीय परिसंचरण के प्रभाव से शनिवार को प्रात: 08:30 बजे दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में श्रीलंका तट के पास एक निम्न दाब क्षेत्र बना है। इससे संबंधित चक्रवातीय ऊपरी वायु परिसंचरण समुद्र तल से 5.8 किमी की ऊँचाई तक विस्तृत है और ऊँचाई के साथ दक्षिण-पश्चिम दिशा की ओर झुका हुआ है। इसके अगले 24 घंटों के दौरान धीमी गति से पश्चिम-उत्तरपश्चिम दिशा की ओर बढऩे की संभावना है।
