जबलपुर:गोहलपुर थाना अंतर्गत अमखेरा रोड पर पुरानी रंजिश को लेकर दो बदमाशों ने तीन युवकों को घेरकर उन पर चाकू से हमला कर दिया। वारदात उस वक्त हुई जब युवक अपने दोस्त का जन्मदिन मनाने उसके घर जा रहे थे। हमले में एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।पुलिस के अनुसार कुदवारी निवासी 16 वर्षीय दिव्यांश केवट ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह अपने साथी कृष्णा बर्मन और दीपक साहू के साथ दोस्त पंकज का जन्मदिन मनाने अमखेरा रोड स्थित गुप्ता मोहल्ला जा रहा था। जैसे ही वे पंकज के घर के पास पहुँचे, वहां पहले से मौजूद परिचित संजय चौधरी और रंजीत चौधरी ने उन्हें रोक लिया।
आरोपियों ने पुरानी बुराई को लेकर विवाद कर रुपयों की मांग की। पैसे देने से मना करने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी। इसी दौरान संजय चौधरी ने चाकू निकालकर कृष्णा बर्मन की कमर पर हमला कर दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। बीच-बचाव के दौरान दीपक साहू भी गिरकर चोटिल हो गया। शोर सुनकर जब पंकज घर से बाहर निकला, तो आरोपी कृष्णा की मोटरसाइकिल में तोड़फोड़ करते हुए मौके से भाग निकले। घायल कृष्णा को तत्काल विक्टोरिया अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया है। गोहलपुर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
