जबलपुर: लार्डगंज थाना अंतर्गत रानीताल ईदगाह के पास गला रेतकर की गई महिला की हत्या की गुत्थी उलझ गई है। अब तक न तो कातिल का पता लग सका है और न ही मृतिका की पहचान हो सकी है। हालांकि पुलिस छानबीन में जुट गई है। गुमशुदगी रिकॉर्ड को भी खंगाला गया लेकिन शिनाख्त नहीं हो पाई अब पुलिस ने आसपास के जिलों की पुलिस को भी मृतिका की फोटो शेयर की है। इसके साथ ही हर एंगल पर पतासाजी की जा रही है।
विदित हो कि रानीताल ईदगाह के पास रविवार सुबह एक महिला का शव पड़ा मिला था । मृतिका की धारदार हथियार से हमला कर हत्या की गई थी। जिसकी गर्दन और पेट में चोट के निशान मिले थे। पुलिस ने रिपोर्ट पर अज्ञात के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया था। हत्या किसने और किन कारणों से की है एवं मृतिका कौन है एवं कहां की रहने वाली है इसका भी पुलिस पता नहीं लगा पाई है।
टीआई नवल सिंह आर्य ने बताया कि मृतिका की उम्र लगभग 30 वर्षीय है। जिसकी शिनाख्तगी के प्रयास जारी है। गुमशुदगी रिकॉर्ड भी खंगाल रही है लेकिन अब तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है। सीसीटीव्ही कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे है। हत्या की गुत्थी सुलझाने पुलिस हर एंगल पर तफ्तीश कर रही है ।
