ईरान में युद्ध खत्म करने का फैसला नेतन्याहू के साथ लूंगा: ट्रंप

वॉशिंगटन/ तेल अवीव, 09 मार्च (वार्ता) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान के साथ जारी युद्ध को समाप्त करने का कोई भी निर्णय वह और इज़रायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू मिलकर करेंगे। टाइम्स ऑफ इज़रायल ने श्री ट्रंप के हवाले से कहा कि यदि वह और नेतन्याहू साथ न होते तो ईरान इज़रायल को नष्ट कर देता। उन्होंने कहा कि दोनों देशों ने मिलकर ऐसे देश को कमजोर किया है जो इज़रायल को खत्म करना चाहता था। श्री ट्रंप ने युद्ध के समर्थन को लेकर इज़रायल में दिख रहे माहौल का उल्लेख करते हुए कहा कि ईरान के नेतृत्व की अलोकप्रियता को देखते हुए उन्हें इस समर्थन पर आश्चर्य नहीं है। उन्होंने श्री नेतन्याहू की प्रशंसा करते हुए कहा कि यदि ‘बीबी’ (नेतन्याहू का उपनाम) न होते तो आज इज़रायल का अस्तित्व नहीं होता।

अमेरिका के राष्ट्रपति ने युद्ध समाप्त करने के सवाल पर कहा कि इस मामले में निर्णय आपसी विचार-विमर्श से लिया जाएगा, हालांकि अंतिम निर्णय उनका होगा। उन्होंने कहा कि दोनों नेता लगातार बातचीत कर रहे हैं और सही समय पर निर्णय लिया जाएगा। उनसे जब पूछा गया कि क्या अमेरिका के युद्धविराम के बाद भी इज़रायल ईरान के खिलाफ युद्ध जारी रख सकता है, तो श्री ट्रंप ने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि ऐसी स्थिति आएगी।

इस बीच, व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने शुक्रवार को कहा था कि अमेरिका को उम्मीद है कि मौजूदा संघर्ष चार से छह सप्ताह तक चल सकता है।
श्री ट्रंप का यह बयान उस समय आया जब ईरान के सरकारी मीडिया ने बताया कि असेंबली ऑफ एक्सपर्ट्स ने सर्वोच्च नेता अली खामेनेई के पुत्र मुजतबा खामेनेई को देश का नया सर्वोच्च नेता चुना है। श्री ट्रंप ने श्री मुजतबा को ‘कमजोर नेता’ बताते हुए असेंबली के इस फैसले की आलोचना की और कहा कि ईरान के नये सर्वोच्च नेता की नियुक्ति के किसी भी निर्णय में अमेरिका की भूमिका होनी चाहिए, अन्यथा ऐसा नेता लंबे समय तक टिक नहीं पाएगा।

Next Post

अमेरिकी दूतावास ने अपने नागरिकों को सऊदी अरब छोड़कर वतन लौटने पर विचार करने को कहा

Mon Mar 9 , 2026
रियाद, 09 मार्च (वार्ता) सऊदी अरब स्थित अमेरिकी दूतावास ने सोमवार को कहा कि अमेरिकी नागरिकों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। दूतावास के अनुसार राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, विदेश मंत्री मार्को रुबियो और विदेश मंत्रालय हालात पर करीब से नज़र रख रहे हैं और यह सुनिश्चित करने के लिए […]

You May Like