अमेरिकी दूतावास ने अपने नागरिकों को सऊदी अरब छोड़कर वतन लौटने पर विचार करने को कहा

रियाद, 09 मार्च (वार्ता) सऊदी अरब स्थित अमेरिकी दूतावास ने सोमवार को कहा कि अमेरिकी नागरिकों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
दूतावास के अनुसार राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, विदेश मंत्री मार्को रुबियो और विदेश मंत्रालय हालात पर करीब से नज़र रख रहे हैं और यह सुनिश्चित करने के लिए सक्रिय मार्गदर्शन दे रहे हैं कि इस इलाके में रहने वाले अमेरिकी नागरिकों को उनकी सुरक्षा के संबंध में लिये गये निर्णयों की जानकारी मिल सकें। एक आधिकारिक बयान में कहा गया है, “अमेरिकी सरकार आपकी सुरक्षा की परवाह करती है और आपकी सुरक्षा के बारे में सोच-समझकर फैसले लेने के लिए समय-समय पर ज़रूरी जानकारी साझा करती रहेगी। अगर आप मौजूद विकल्प का फ़ायदा उठाना चाहते हैं तो सरकार पश्चिम एशिया छोड़ने में आपकी मदद करने के लिए तैयार है।”

अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने बताया कि यह विकल्प उन अमेरिकियों के लिये दिया जा रहा है जो पश्चिम एशिया छोड़ना चाहते हैं। वाणिज्यिक विमानों के अलावा सरकार उन अमेरिकी नागरिकों के लिए समन्वित उड़ानों का इंतज़ाम कर रही है जिन्होंने संकटग्रस्त स्थिति से बचाव संबंधी फॉर्म भर दिया है। यात्रियों से आग्रह है कि अगर उन्होंने अभी तक फ़ॉर्म नहीं भरा है तो उसे भर दें, ताकि विदेश मंत्रालय समय पर मदद और अद्यतन जानकारी दे सके। जो लोग पहले से पंजीकृत हैं, उन्हें फ़ॉर्म दोबारा जमा करने की ज़रूरत नहीं है। दूतावास ने कहा कि जो अमेरिकी देश नहीं छोड़ना चाहते हैं, उन्हें किसी सुरक्षित जगह पर रहने के लिए तैयार रहना चाहिए। निवासियों को सलाह दी जाती है कि आपातकाल में खाना, पानी, दवाइयाँ और दूसरी ज़रूरी चीज़ों की काफ़ी आपूर्ति बनाए रखें।

Next Post

श्रीलंका ने ईरानी जहाजों से बचाये गये नाविकों को एक महीने का "मुफ्त वीजा" दिया

Mon Mar 9 , 2026
कोलंबो, 09 मार्च (वार्ता) श्रीलंका सरकार ने ईरानी नौसैनिक जहाजों से बचाये गये नाविकों को मानवीय आधार पर एक महीने का निःशुल्क वीजा देने की घोषणा की है। जन सुरक्षा मंत्री आनंदा विजेपाला ने सोमवार को कहा कि इन नाविकों को मानवीय संरक्षण के तहत एक महीने तक श्रीलंका में […]

You May Like