छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक समृद्धि को वैश्विक पहचान दिलाना सरकार का उद्देश्य-विष्णुदेव साय

रायपुर, 28 मई (वार्ता) छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि राज्य की प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक समृद्धि और जनजातीय विरासत को वैश्विक पहचान दिलाना सरकार का उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि पर्यटन के जरिए प्रदेश नई पहचान गढ़ेगा और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में गुरुवार को पर्यटन विकास, पर्यटक सुविधाओं के विस्तार और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में निवेश को लेकर आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड के प्रतिनिधियों सहित वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।

बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ उत्तर से दक्षिण तक प्राकृतिक विरासत से समृद्ध प्रदेश है, जहां नदियां, पहाड़, घने जंगल, जलप्रपात और आदिवासी संस्कृति इसकी विशिष्ट पहचान हैं। उन्होंने कहा कि पर्यटन को उद्योग का दर्जा दिए जाने के बाद राज्य में निवेश की संभावनाएं तेजी से बढ़ी हैं और आधुनिक सुविधाओं के विकास से छत्तीसगढ़ को आकर्षक पर्यटन गंतव्य बनाया जा सकता है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में लगातार निवेश प्रस्ताव प्राप्त हो रहे हैं और इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड ने भी प्रदेश में निवेश की इच्छा जताई है, जो पर्यटन क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा। उन्होंने कहा कि इससे पर्यटन अधोसंरचना मजबूत होगी और स्थानीय युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर मिलेंगे।

बैठक में इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड के प्रतिनिधियों ने बताया कि कंपनी छत्तीसगढ़ में हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में 500 करोड़ रुपये से अधिक निवेश की योजना पर कार्य कर रही है। इस निवेश से पर्यटन अधोसंरचना को मजबूती मिलेगी तथा रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार ने निवेश के लिए अनुकूल वातावरण तैयार किया है तथा सभी अनुमतियों की प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाया गया है।

बैठक में उद्योग विभाग के अधिकारियों ने निवेश प्रोत्साहन नीति और उपलब्ध इंसेंटिव्स की जानकारी देते हुए बताया कि 500 करोड़ रुपये से अधिक निवेश अथवा एक हजार से अधिक लोगों को रोजगार देने वाले निवेशकों को ‘बी-स्पोक पॉलिसी’ के तहत अतिरिक्त प्रोत्साहन और विशेष लाभ दिए जाएंगे।

बैठक में पर्यटन मंडल के अध्यक्ष नीलू शर्मा, मुख्य सचिव विकास शील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, वित्त सचिव डॉ. रोहित यादव, निवेश आयुक्त ऋतु सेन, मुख्यमंत्री के सचिव राहुल भगत, उद्योग सचिव रजत कुमार तथा पर्यटन विभाग सचिव डॉ. एस. भारतीदासन सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

 

 

Next Post

एयरपोर्ट यात्रियों के लिए खुशखबरी, अब गेटसाइड कैफे में मिलेंगे क्वालिटी फूड और कोल्ड ड्रिंक्स

Thu May 28 , 2026
भोपाल: राजधानी भोपाल के गांधीनगर स्थित राजा भोज हवाई अड्डे पर बुधवार को गेटसाइड कैफे का शुभारंभ किया गया. जिसका उद्घाटन हवाई अड्डे के निदेशक रामजी अवस्थी और सीआईएसएफ के कमांडेंट अतुल भानोत्रा ने किया. इस गेसाइड कैफे शुभारंभ से यात्रियों को शुद्ध गुणवत्तापूर्व खाद्य एवं पेय पदार्थ मिल सकेगा. […]

You May Like