जबलपुर: जबलपुर के भाजपा के कार्यकर्ता अद्भुत हैं और संगठन की मजबूती ही भारतीय जनता पार्टी को विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनाने का आधार बनी है। मां नर्मदा की पावन गोद में बसे जबलपुर का नजारा जितना सुंदर है, उतनी ही मजबूत यहां की संगठनात्मक शक्ति भी है। ये सारी बातें मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने सोमवार को कहीं। मौका था रानीताल स्थित भाजपा के संभागीय कार्यालय में आयोजित प्रशिक्षण कार्यशाला का।
इस मौके पर उन्होनें ये भी कहा कि भाजपा की पहचान उसके अनुशासित और समर्पित कार्यकर्ताओं से होती है। पार्टी की विचारधारा, संगठनात्मक संरचना और कार्यकर्ताओं की मेहनत ने ही भाजपा को देश ही नहीं बल्कि दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनाया है।
इस तरह की प्रशिक्षण कार्यशालाएं कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा और दिशा देने का काम करती हैं। इन कार्यशालाओं के माध्यम से कार्यकर्ताओं को संगठन की कार्यप्रणाली, विचारधारा और सरकार की योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी मिलती है, जिससे वे जनता के बीच बेहतर तरीके से काम कर पाते हैं।
कार्यकर्ताओं के विकास को प्राथमिकता
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि भाजपा संगठन कार्यकर्ताओं के विकास और प्रशिक्षण को हमेशा प्राथमिकता देता है। इसी उद्देश्य से समय-समय पर इस प्रकार की कार्यशालाएं आयोजित की जाती हैं, ताकि कार्यकर्ता संगठनात्मक कौशल के साथ-साथ नई चुनौतियों के लिए भी तैयार रह सकें।
जानकारी के अनुसार सोमवार को रानीताल के भाजपा संभागीय कार्यालय में
विषय वक्ता कार्यशाला का आयोजन किया गया है जिस दौरान विभिन्न सत्रों में पार्टी की विचारधारा, संगठन विस्तार, बूथ प्रबंधन और सरकार की उपलब्धियों सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे संगठन की नीतियों और सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण से ही भाजपा लगातार मजबूत हो रही है और आने वाले समय में भी संगठन को और विस्तार मिलेगा।
ये रहे उपस्थित
विषय वक्ता कार्यशाला में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ला, राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश , गुजरात प्रदेश के प्रदेश संगठन महामंत्री रत्नाकर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह, जबलपुर, रीवा, शहडोल एवं छिंदवाड़ा संभाग के कुल 19 जिलों के 400 से अधिक विषय वक्तागण, प्रदेश पदाधिकारी, प्रशिक्षण महाअभियान की प्रदेश टोली, संभाग प्रभारी, प्रशिक्षक विषय वक्ता, मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश संयोजक सोशल मीडिया एवं आईटी विभाग, जिला प्रभारी, जिला अध्यक्ष, संभाग प्रशिक्षण प्रभारी, जिला प्रशिक्षण टोली के चार सदस्य मौजूद रहे।
