दिल्ली में आईफोन के नकली पुर्जे एवं एक्सेसरीज बेचने के आरोप में पांच गिरफ्तार

नयी दिल्ली, 08 मार्च (वार्ता) दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने रविवार को रोहिणी में एप्पल आईफोन के नकली पुर्जे और एक्सेसरीज बेचने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पांच व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी दुकानदारों की पहचान दिनेश, शिवम सिंघल, शिवम, पुनीत और रामकरण शर्मा के रूप में हुई है। वे कथित तौर पर अपनी दुकानों से नकली सामान को असली बताकर बेच रहे थे।

पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब 1.60 करोड़ रुपये मूल्य के आईफोन के नकली पुर्जे (स्पेयर पार्ट्स) और एक्सेसरीज जब्त किए हैं।

अपराध शाखा के अधिकारियों के अनुसार, टीम को छह मार्च को सूचना मिली थी कि रोहिणी के विकास सूर्या शॉपिंग मॉल और मंगलम प्लेस की कुछ दुकानों में आईफोन के नकली स्पेयर पार्ट्स और एक्सेसरीज को असली बताकर बेचा जा रहा है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए, पुलिस ने एप्पल के अधिकृत प्रतिनिधियों की मौजूदगी में छापेमारी की।

छापेमारी के दौरान दिनेश स्पेयर पार्ट्स, सिंघल्स मोबाइल एक्सेसरीज, प्रधान जी कम्युनिकेशन, सतगुरु एक्सेसरीज और कंसल एक्सेसरीज एनएक्सटी सहित पांच दुकानों का निरीक्षण किया गया। दुकानदार एप्पल की ओर से कोई अधिकृत बिल या अनुमति प्रस्तुत नहीं कर सके।

एप्पल प्रतिनिधियों द्वारा सत्यापन के दौरान, बड़ी मात्रा में नकली आईफोन स्पेयर पार्ट्स और एक्सेसरीज बरामद किए गए।

जब्त किए गए सामानों में 1,000 बैक पैनल, 180 बैक बॉडी, 228 बैटरियां, 48 कैमरा और चार्जिंग फ्लेक्स, 738 बैक कवर, 14 एडॉप्टर और 109 यूएसबी-सी केबल शामिल हैं। जब्त किए गए सामानों की कुल कीमत लगभग 1.60 करोड़ रुपये आंकी गई है।

आरोपियों के खिलाफ कॉपीराइट अधिनियम और भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामले दर्ज किए गए हैं। आगे की जांच जारी है।

 

Next Post

सोहागपुर में विधायक विजयपाल सिंह की नर्मदा परिक्रमा यात्रा का अभूतपूर्व स्वागत

Sun Mar 8 , 2026
सोहागपुर। मैंने नर्मदा परिक्रमा में नियमितत पूजन दौरान क्षेत्रवासियों के समग्र विकास की प्रार्थना जीवनदायिनी मां रेवा से की। उक्त बात सोहागपुर विधायक विजयपाल सिंह ने शनिवार रात शहर में नर्मदा परिक्रमा यात्रियों के अभिनंदन दौरान अभिभूत भाव से कही। रात लगभग 9:30 बजे यात्रा सोहागपुर पहुंची थी। शहर के […]

You May Like