नयी दिल्ली 06 मार्च (वार्ता) आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर प्रहार करते हुए कहा कि ऐसी क्या मजबूरी है कि हर कदम पर आप (मोदी) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के सामने झुक गए और उसके सामने बोलने तक की हिम्मत नहीं हुई। श्री केजरीवाल ने एक्स पर कहा, “भारत को रूस से तेल ख़रीदने की इज़ाज़त देने वाला अमेरिका कौन होता है? भारत को अमेरिका से इजाजत की क्यों ज़रूरत है? पिछले कुछ महीनों में देशवासियों ने बहुत पीड़ा के साथ देखा है कि किस तरह एक के बाद एक, हर कदम पर आप ट्रम्प के सामने झुक गए और आपकी उसके सामने बोलने तक की हिम्मत नहीं हुई।”
आप संयोजक ने कहा, “मोदी जी, आख़िर आपकी ऐसी कौन सी मजबूरी है जिस की वजह से आप ट्रंप के सामने नतमस्तक हैं। भारत हज़ारों वर्ष पुराना देश है। भारत 140 करोड़ लोगों का एक महान देश है। भारत ने एक से बढ़कर एक वीर योद्धा पैदा किये हैं। आज तक भारत ने किसी भी देश के सामने इस तरह सिर नहीं झुकाया। आज तक भारतीय इतिहास में कभी भी भारत का नेतृत्व इतना कमजोर नहीं रहा।” आप नेता ने कहा, “अगर आपकी वाकई कोई ऐसी मजबूरी है जिसका फ़ायदा ट्रम्प उठा रहा है, तो भारत और भारतीय हितों की ख़ातिर, कृपया इस्तीफ़ा दे दीजिए। पर ऐसे भारत माँ का सर मत झुकाइए। सभी देशवासियों को बेहद पीड़ा हो रही है।” उल्लेखनीय है कि अमेरिका ने अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में तेल की आपूर्ति बनाए रखने के लिए भारतीय रिफाइनरियों को रूस से तेल खरीदने के लिए 30 दिन की छूट दी है।

