धर्मजयगढ़/रायपुर, 08 अगस्त (वार्ता) छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के वनमंडल धर्मजयगढ़ के छाल परिक्षेत्र अंतर्गत बोजिया परिसर में हाथियों का बड़ा दल देखा गया है। जानकारी के अनुसार बावन आमा – औरानारा – बोजिया मार्ग पर 26 हाथियों का झुंड घूम रहा है जो वर्तमान में बोजिया गाड़ाडटी की ओर बढ़ रहा है।
वन विभाग ने बोजिया, सिंघीझाप और औरानारा गांव के ग्रामीणों से अपील की है कि वे पूरी तरह सतर्क रहें और अनावश्यक रूप से जंगल या हाथियों के रास्ते की ओर न जाएं। साथ ही बच्चों व मवेशियों को सुरक्षित स्थान पर रखने की सलाह दी गई है।
अधिकारियों ने बताया कि हाथियों का यह दल कभी भी दिशा बदल सकता है, इसलिए ग्रामीण वन विभाग की चेतावनी पर ध्यान दें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सूचना दें।
