जोधपुर, 08 अगस्त (वार्ता ) केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बयान पर कहा है कि उन्हें लगता है कि राहुल गांधी को भारत की चुनाव प्रक्रिया और संविधान प्रदत्त व्यवस्थाओं की सामान्य जानकारी भी नहीं है, अगर होती तो वो ऐसे बयान नहीं देते।
श्री शेखावत ने शुक्रवार शाम अपने गृह जिले जोधपुर पहुंचने पर हवाई अड्डे पर मीडिया से बातचीत में चुनाव प्रक्रिया पर राहुल गांधी के सवाल उठाने से जुड़े प्रश्न पर यह बात कही। उन्होंने श्री राहुल गांधी को सलाह दी है कि वह संविधान की पुस्तक जेब में तो रखते हैं, उनसे आग्रह है कि उसे पढ़ें भी।
उन्होंने कहा कि चुनाव कराना, वोटर लिस्टों का रख-रखाव करना, वोटर लिस्टों का सुधार करना, ये सब पूर्ण रूप से चुनाव के मार्गदर्शन और तय नियत प्रक्रियाओं के तहत होता है। किसी भी व्यक्ति का यदि गलत नाम जोड़ा या घटाया जाता है तो उसके पास में तीन जगह पर अपील करने का संवैधानिक प्रावधान है। वो रिटर्निंग ऑफिसर के पास में अपील कर सकता है। वो डिस्ट्रिक्ट कलेक्टर, जो डिस्ट्रिक्ट का इलेक्शन हेड होता है, उसके पास कर सकता है और स्टेट इलेक्शन कमीशन में कर सकता है।
उन्होंने कहा कि श्री राहुल गांधी मीडिया में जाकर, मीडिया में सनसनी पैदा करने या मीडिया में आकर झूठ उछालने के बजाय अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं से कहें कि वो इन संवैधानिक अधिकारों का उपयोग करते हुए यदि कहीं कुछ गलत हो रहा है तो उसके ऊपर कार्यवाही करें।
श्री शेखावत ने तिरंगे का जिक्र करते हुए
कहा कि तिरंगा विविधताओं से भरे भारत को एकता के सूत्र में बांधने वाला सबसे प्रमुख घटक है। हम सबके लिए स्वाभिमान और सम्मान का प्रतीक है। स्वतंत्रता दिवस के दिन हम सब लोग अपने घर और प्रतिष्ठानों पर सम्मान के साथ तिरंगा लहराएं। ऐसा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का भी
आह्वान है। उन्होंने कहा कि भारत के संस्कृति मंत्रालय ने हर घर तक तिरंगा पहुंचे, इसको लेकर व्यापक स्तर पर योजना तैयार की है। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर में जिस तरह से पराक्रम देश की सेनाओं ने दिखाया और पाकिस्तान को घुटनों पर आकर समझौता करना पड़ा, इस अभूतपूर्व विजय और आतंकवाद पर प्रहार कर आतंकवाद के आकाओं के सारे गढ़ ध्वस्त हो जाने के चलते हुए देश में इस बार एक अभूतपूर्व उत्साह लोगों का तिरंगे को लेकर है। अबकी बार का तिरंगा उत्सव देशभर में ऐतिहासिक होने वाला है।
श्री शेखावत ने रक्षाबंधन की शुभकमानाएं देते हुए कहा कि रक्षाबंधन त्योहारों की लंबी श्रृंखला में सबसे चमकती मस्तक मणि की तरह है। अबकी रक्षाबंधन पर राष्ट्रहितों के संरक्षण, स्वदेशी अपनाने, पर्यावरण रक्षा, जल संसाधनों के संरक्षण, संस्कृति की लुप्त होती विधाओं के संरक्षण और देश को विकसित भारत बनाने का संकल्प लेना चाहिए।
