बनखेड़ी। ग्राम जासरवानी, तहसील बनखेड़ी में ग्रामवासियों ने एकजुट होकर गांव को नशामुक्त बनाने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है। ग्राम पंचायत सरपंच और समस्त ग्रामीणों की उपस्थिति में आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से तय किया गया कि गांव में कोई भी व्यक्ति शराब बनाने, बेचने या उसका सेवन करने का कार्य नहीं करेगा।
बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि कोई व्यक्ति शराब के नशे में सार्वजनिक स्थानों पर घूमता पाया गया या अपशब्दों का प्रयोग करता है तो उसके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यक्ति और उसके परिवार का सामाजिक बहिष्कार भी किया जाएगा।
ग्रामवासियों ने निर्णय लिया कि यदि गांव में कोई व्यक्ति शराब या अन्य मादक पदार्थों की बिक्री करते हुए पाया जाता है तो तत्काल इसकी शिकायत संबंधित निकाय से की जाएगी।
इस अवसर पर पंचायत द्वारा एक समिति का गठन भी किया गया, जो गांव में लिए गए निर्णयों के पालन की निगरानी करेगी। ग्रामीणों ने विश्वास जताया कि इस पहल से गांव में शांति, सौहार्द और सामाजिक अनुशासन को बढ़ावा मिलेगा।
