
जबलपुर। घाना खमरिया स्थित सेंट फ्रांसिस स्कूल की पानी की टंकी में बच्चों द्वारा खेल-खेल में मॉइस्चराईजर पाउडर मिला दिया गया जिसके बाद टंकी के पानी के सेवन से स्कूल के दो बच्चों की हालत बिगड़ने लगी। हालत बिगड़ते देख स्कूल प्रबंधन द्वारा अभिभावकों को सूचना देने के साथ बच्चों को विक्टोरिया अस्पताल भिजवाया गया। प्रारंभिंक जांच में ये सामने आया कि पानी की टंकी में पाउडर बच्चों ने मिला दिया था जिस कारण ये स्थिति उत्पन्न हुई है। सीएमएचओ ने स्पष्ट किया है कि दोनों बच्चों की हालत खतरे से बाहर है।
विक्टोरिया अस्पताल पहुंचे परिजनों ने बताया कि 12 वर्षीय लड़की तान्या व सगुन चौधरी नामक लड़के को आईसीयू में भर्ती किया गया है। स्कूल में उनके बच्चों को उल्टियां, दस्त होने लगे थे जिसके बाद उनकी हालत बिगड़ने लगी।
बताया जा रहा है कि बच्चों को अगर समय पर इलाज नहीं मिलता तो एक बड़ी दुर्घटना भी घटित हो सकती थी। वहीं डॉक्टर्स ने बच्चों को 24 घंटे की निगरानी में रखा है। जानकारी के अनुसार ये दो बच्चे अभी सामने आए हैं, अब स्कूल में पानी की टंकी से कितने और बच्चों ने पानी पिया है और कितने और बच्चों की तबियत खराब हुई है इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है क्योंकि इन दो बच्चों के अलावा विक्टोरिया अस्पताल और कोई नहीं आया है।
इनका कहना है-
–घाना खमरिया स्थित सेंट फ्रांसिस स्कूल में बच्चों ने खेल-खेल में मॉइस्चराईजर पाउडर मिला दिया था। टंकी से ये पानी पीने से दो बच्चों के पेट में दर्द होने लगा और उन्हें जिला अस्पताल विक्टोरिया में लाकर भर्ती कराया गया है। इन दो बच्चों के अलावा और कितने बच्चे इससे प्रभावित हुए हैं ये मुझे नहीं पता है।
–डॉ. संजय मिश्रा, सीएमएचओ
