सतना: मैहर जिले में कोतवाली और अमरपाटन थाना पुलिस ने नशे के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 134 लीटर अवैध शराब जब्त कर ली. इस मामले में पुलिस द्वारा दो आरोपियों को गिरफ्तार किए जाने के साथ ही घटना में प्रयुक्त बाइक को भी जब्त कर लिया है.कोतवाली थाना मैहर प्रभारी अनिमेष द्विवेदी से प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस को मुखबिर के जरिए इस बात की सूचना मिली थी कि एक युवक द्वारा अपनी मोटरसाइकिल पर अवैध शराब लोड की जा रही है.
जिसे बेचने के लिए ले जाया जाने वाला है. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दबिश दे दी. युवक को उसके घर की चहरदिवारी के अंदर से ही दबोच लिया गया. जांच किए जाने पर वहां दो बोरियां पाइ गईं. जिन्हें खोलकर देखने पर उसमें शराब भरी मिली. एक बोरी में 99 पाव जबकि दूसरी बोरी में 297 पाव शराब भरी हुई थी.
इस लिहाज से कुल 71 लीटर शराब जब्त कर ली गई. जिसकी कीमत 32 हजार 670 रु आंकी गई. इसी कड़ी में आरोपी युवक अंकुर उर्फ अंकुल पटेल पिता राजेंद्र उम्र 20 वर्ष निवासी ग्राम धूतरा के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34 2 के अंतर्गत कार्रवाई की गई. इसके साथ ही घटना में प्रयुक्त आरोपी की बाइक को भी जब्त कर लिया गया.
झाल फेंककर भागा आरोपी
अमरपाटन थाना प्रभारी विजय सिंह परस्ते से प्राप्त जानकारी के अनुसार मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम द्वारा ताला-मुकुंदपुर से अमरपाटन की ओर आने वाले रास्ते पर जांच की जा रही थी. इसी दौरान बाइक सवार दो लोग पुलिस को देखते ही भागने लगे. जिनका पीछा किए जाने पर पीछे बैठे व्यक्ति ने अपने पास लिए हुए झाल को नीचे फेंक दिया और वहां से भाग निकला.
वहीं पुलिस टीम ने बाइक चालक को पकड़ लिया. जांच ििकए जाने पर झाल में 7 पेटी कार्टून में 350 शीशी शराब पाई गई. कुल 63 ली. शराब की कीमत 24 हजार 500 रु आंकी गई. इस मामले में पुलिस ने जहां बाइक चालक पंकज उर्फ विपेंद्र सिंह बघेल उम्र 28 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया. वहीं फरार आरोपी रंजीत कोरी उर्फ गोलू की तलाश की जा रही है.
