
नौगांव। नौगांव के विद्यार्थियों और अभिभावकों का लंबे समय से चला आ रहा इंतजार शुक्रवार को खत्म हो गया। केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने केंद्रीय विद्यालय का विधिवत शुभारंभ किया। उद्घाटन के बाद उन्होंने विद्यालय परिसर का निरीक्षण किया और विद्यार्थियों से संवाद कर उन्हें पेन एवं टॉफियां वितरित कीं। समारोह में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षक और बड़ी संख्या में अभिभावक मौजूद रहे।
अपने संबोधन में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि केंद्रीय विद्यालय की शुरुआत से क्षेत्र के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक शिक्षा का अवसर मिलेगा। उन्होंने विद्यार्थियों से लक्ष्य निर्धारित कर पूरी लगन से पढ़ाई करने का आह्वान करते हुए शिक्षा को राष्ट्र निर्माण का सबसे मजबूत आधार बताया।
विद्यालय के प्राचार्य नारायण सिंह ने बताया कि 10 जुलाई से विद्यालय का नियमित संचालन शुरू हो गया है। फिलहाल बाल वाटिका-1, बाल वाटिका-2, बाल वाटिका-3 तथा कक्षा 1 से 5 तक की पढ़ाई होगी, जबकि आने वाले वर्षों में चरणबद्ध तरीके से उच्च कक्षाएं भी शुरू की जाएंगी। विद्यालय के शुरू होने से नौगांव और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को केंद्रीय विद्यालय संगठन की बेहतर शैक्षणिक व्यवस्था का लाभ मिल सकेगा।
