जबलपुर: पाटन अंतर्गत चौधरी मोहल्ला में पानी की बोतल और चिप्स के विवाद पर दो पक्ष भिड़ गए। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर लाठी-डंडों और राड से हमला किया, जिसमें दोनों पक्षों के लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर काउंटर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस ने बताया कि चौधरी मोहल्ला निवासी चंद चौधरी (56) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि धनीराम और रोहित चौधरी उसकी दुकान पर आए और बिना पैसे दिए पानी की बोतल मांगने लगे।
पैसे मांगने पर उन्होंने मारपीट की। मामला तब और बिगड़ गया जब थोड़ी देर बाद सोनू, शिवम, सागर और नितिन चौधरी ने घर में घुसकर चंद चौधरी पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में उनके सिर और हाथ में गंभीर चोटें आई हैं। आरोपियों ने जाते-जाते जान से मारने की धमकी भी दी। वहीं दूसरी ओर से शिवम चौधरी (23) ने शिकायत दर्ज कराई कि वह अपने दोस्तों के साथ दुकान पर सामान लेने गया था। दुकानदार के बेटे विट्ठल ने गाली-गलौज शुरू कर दी और चंद चौधरी ने डंडे से उसके सिर पर वार किया। बीच-बचाव करने आई शिवम की मां गीता बाई, भाई नितिन और दोस्तों पर भी विट्ठल और दस्सू ने पत्थरों से हमला किया, जिससे उन्हें चोटें आई हैं।
