इंदौर: द्वारकापुरी पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को ब्राउन शुगर के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है. बरामद मादक पदार्थ की कीमत करीब 1 लाख 70 हजार रुपये बताई जा रही है.उप निरीक्षक आलोक मिठास ने बताया कि देर रात करीब 10.30 बजे आकाश नगर स्थित पानी की टंकी के सामने संदिग्ध अवस्था में खड़े युवक की तलाशी ली गई.
तलाशी के दौरान उसके पास से 17.22 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई. पकड़े गए आरोपी की पहचान सूरज उम्र 29 निवासी कुंदन नगर के रूप में हुई है. आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है. आरोपी से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि वह मादक पदार्थ किससे और किस उद्देश्य से लाया था.
