
ढाका 20 अक्टूबर (वार्ता) वेस्टइंडीज के अकील हुसैन बंगलादेश के खिलाफ चल रही तीन मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला में खेलने के लिए आज रात अपनी टीम के साथ जुड़ेंगे।
बंगलादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) के एक अधिकारी ने सोमवार को क्रिकबज को बताया, “अकील के आज रात एकदिवसीय टीम से जुड़ने की उम्मीद है।”
इससे पहले, बीसीबी ने घोषणा की थी कि उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ चल रही श्रृंखला के लिए बाएं हाथ के स्पिनर नसुम अहमद को एकदिवसीय टीम में शामिल किया है। बंगलादेश ने शेर-ए-बांग्ला राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम की पिच के मिजाज को भांपते हुए नसुम को टीम में शामिल किया गया।
24 वर्षीय बाएं हाथ के तेज गेंदबाज रेमन सिमंड्स को भी वेस्टइंडीज के लिए दो टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने के बाद पहली बार वनडे टीम में शामिल किया गया है, जबकि तेज गेंदबाज जेडियाह ब्लेड्स और शमर जोसेफ, जो दोनों वनडे टीम का हिस्सा थे, कैरेबियाई टीम में वापस लौटेंगे। पता चला है कि जेसन होल्डर 21 अक्टूबर को टीम में शामिल होंगे और उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में खेलने की उम्मीद है।
