
सागर। मध्य प्रदेश में इंदौर से ग्रामीण परिवहन सेवा शीघ्र शुरू होगी।उक्त विचार मध्य प्रदेश शासन के स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री राव उदय प्रताप सिंह ने गढ़ाकोटा में तीन दिवसीय आयोजित रहस मेले मे व्यक्त किए। श्री सिंह ने कहा कि स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा आने वाले समय में 200 नये सांदीपनि विद्यालय शुरू किए जाएंगे, जिसमें 20 करोड़ की लागत से रहली विधानसभा क्षेत्र के शाहपुर में यह विद्यालय शुरू होगा। उन्होंने कहा कि परिवहन सेवा को सुगम एवं सुलभ बनाने के लिए अप्रैल माह से इंदौर से ग्रामीण परिवहन सेवा की शुरुआत होगी, जो धीरे-धीरे पूरे प्रदेश में लागू होगी।
मंत्री श्री सिंह ने कहा कि मध्य प्रदेश के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के पलायन को रोकने का कार्य सरकार द्वारा किया गया है, जिससे अब हमारे सरकारी स्कूल निजी स्कूलों से अच्छी गुणवत्ता युक्त शिक्षा प्रदान कर रहे हैं।
इस अवसर पर विधायक एवं पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव ने कहा कि यह रहस मेला बहुउद्देशीय मेला बन गया है, जिसमें एक छत के नीचे शासन की सभी योजनाएं देने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के कारण आज रहली विधानसभा क्षेत्र लगातार विकास कर रहा है और इस क्षेत्र के विद्यार्थी प्रदेश एवं देश में उच्च पदों पर कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों की छवि सुधारने का कार्य सरकार द्वारा किया जा रहा है, जिसमें प्रमुख रूप से सांदीपनि विद्यालय हैं, जहां निजी विद्यालयों से अच्छी शिक्षा प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि जब नींव कमजोर होती है तो भविष्य कमजोर होता है, किंतु सरकार प्राथमिक शिक्षा को मजबूत कर नींव को सुदृढ़ कर रही है।श्री भार्गव ने कहा कि इस रहस मेले में दूसरे दिन दिव्यांग प्रशिक्षण सेवा शिविर लगाया गया था, जिसमें दिव्यांग प्रमाणपत्र, दिव्यांगों की जांच एवं उपकरण वितरण का कार्य किया गया। उन्होंने बताया कि 2 दिनों में 1,500 से अधिक व्यक्तियों के दिव्यांग प्रमाणपत्र बनाए गए एवं अनेक दिव्यांगजनों को उपकरण प्रदान किए गए।इस अवसर पर रहस मेला अध्यक्ष अभिषेक भार्गव दीपू ने भी विचार व्यक्त किए।
