बहादुरपुर: कस्बे का तहसील कार्यालय भवन नजदीकी ग्राम खोपरा में स्थित है, जिसमें बिजली कनेक्शन बहादुरपुर सिटी फीडर से दिया गया था। इसके लिए बहादुरपुर से खोपरा तक लाइन बिछाकर ट्रांसफार्मर लगाया गया था।29 जुलाई को कैथन नदी में बाढ़ आने पर पानी के तेज बहाव के कारण तीन खंभे गिर गए और तभी से तहसील कार्यालय की बिजली आपूर्ति बहादुरपुर सिटी फीडर से बंद है। शुरुआत में बिजली कंपनी ने अस्थाई तौर पर गोरा फीडर से आपूर्ति दी, लेकिन स्थाई व्यवस्था अब तक नहीं हुई है।
इस कारण कार्यालय में दिन में बिजली नहीं रहती। गोरा फीडर केवल रात में आपूर्ति करता है, जिससे भवन रात को जगमगाता है, लेकिन दिन में पंखे व कंप्यूटर तक नहीं चल पाते। यह समस्या लगातार 60 दिनों से जारी है और बिजली कंपनी गिरी हुई लाइन को दुबारा खड़ा करने में धीमी चाल अपनाए हुए है।तहसील भवन में दो राजस्व न्यायालय, लोकसेवा केंद्र और आधार केंद्र भी संचालित हैं। दिन में बिजली नहीं होने से सभी कामकाज ठप्प हैं और कर्मचारियों को तेज धूप और उमस में काम करना पड़ रहा है।
इनका कहना है
हमने गोरा फीडर से सप्लाई दे रखी है। गिरी हुई लाइन भी खड़ी करने का काम चल रहा है, देखो कब तक काम पूरा हो पाता है।
बाबूजी मंडेलिया, प्रभारी, विद्युत वितरण केंद्र, बहादुरपुर
