नयी दिल्ली, 27 फरवरी (वार्ता) पाकिस्तान ने अफगान तालिबान सरकार के खिलाफ ‘ऑपरेशन ग़ज़ब लिल-हक़(इंसाफ के लिये गुस्सा)’ शुरू करने का दावा किया है।
पाकिस्तान के सरकारी प्रसारक पीटीवी न्यूज के अनुसार, सीमा पार से “बिना उकसावे की गोलीबारी” के बाद पाकिस्तानी सशस्त्र बलों ने अफगानिस्तान में कई अहम सैन्य ठिकानों पर हवाई हमले किए।
रिपोर्ट के मुताबिक, हमलों में काबुल में दो ब्रिगेड मुख्यालय नष्ट कर दिए गए, जबकि कंधार में एक कॉर्प्स मुख्यालय और एक ब्रिगेड मुख्यालय को निशाना बनाया गया। इसके अलावा पक्तिया प्रांत में भी सैन्य ठिकानों पर कार्रवाई की गई।
सरकारी प्रसारक ने सुरक्षा सूत्रों के हवाले से कहा कि पाकिस्तान की सेना किसी भी आक्रामक कार्रवाई का “मुंहतोड़ जवाब” देने के लिए पूरी तरह तैयार है।
दूसरी ओर अफगान पक्ष का कहना है कि शुक्रवार को पाकिस्तानी हमलों के जवाब में उसकी सेनाओं ने सीमा पर जवाबी कार्रवाई की। पाकिस्तान ने दावा किया है कि उसकी कार्रवाई में 133 अफगान लड़ाके मारे गए, जबकि काबुल का कहना है कि उसके जवाबी हमले में 55 पाकिस्तानी सैनिकों की मौत हुई।
अफगान अधिकारियों ने यह भी कहा कि तोरखम सीमा पार के पास, पाकिस्तान से लौट रहे लोगों के एक शिविर के निकट कई नागरिक घायल हुए हैं। पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के गवर्नर फैसल करीम कुंडी ने समाचार एजेंसी स्पूतनिक से कहा कि इस्लामाबाद स्थिति पर कड़ी नजर रखे हुए है और हर संभावित परिदृश्य के लिए तैयार है।
उन्होंने कहा, “पाकिस्तान की संप्रभुता एक लाल रेखा है। देश की सुरक्षा पर किसी भी हमले का निर्णायक जवाब दिया जाएगा, जिससे राष्ट्र की सुरक्षा और गरिमा सुनिश्चित हो सके।” दोनों देशों के दावों के बीच सीमा पर तनाव लगातार बढ़ता नजर आ रहा है, जबकि अंतरराष्ट्रीय समुदाय की ओर से संयम बरतने की अपील की संभावना जताई जा रही है।
