ग्वालियर: दो माह तक सैलानियों और व्यापारियों के आकर्षण का केन्द्र रहे ग्वालियर व्यापार मेला का भव्य समापन हुआ। सांस्कृतिक मंच पर संगीतमय सुंदरकांड और भजनों की प्रस्तुति के साथ आध्यात्मिक माहौल बना, जिसके बाद संभाग आयुक्त मनोज खत्री, कलेक्टर रुचिका चौहान सहित अधिकारियों और मेला व्यापारी संघ के पदाधिकारियों ने सामूहिक मंगल आरती कर मेले को विदाई दी। इस अवसर पर मेला आयोजन में उत्कृष्ट योगदान देने वाले विभागीय अधिकारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
संभाग आयुक्त मनोज खत्री ने कहा कि इस वर्ष दुकानों का ऑनलाइन आवंटन कर पारदर्शिता सुनिश्चित की गई। उन्होंने कहा कि सामने आई कमियों को दूर कर अगले वर्ष मेले को और बेहतर बनाया जाएगा। साथ ही व्यापारियों के सुझाव लेकर पुरानी दुकानों के नवीनीकरण का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने मेला प्रबंधन, व्यापारियों, सैलानियों और मीडिया के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया।
कलेक्टर रुचिका चौहान ने कहा कि सभी के साझा प्रयासों और ईश्वर की कृपा से मेला निर्विघ्न एवं सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। उन्होंने मेले की व्यवस्थाओं से जुड़े सभी विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों का आभार जताया। मेला 25 दिसंबर से प्रारंभ हुआ था। इस वर्ष सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत प्रसिद्ध गायक कैलाश खेर की प्रस्तुति से हुई, जिसके बाद अखिल भारतीय कवि सम्मेलन, महिला कवि सम्मेलन, वायुसेना बैंड सहित अनेक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस वर्ष मेले में 2408 दुकानों का आवंटन किया गया, जिनमें 296 नए व्यापारियों ने भागीदारी की। पिछले वर्ष की तुलना में एक करोड़ से अधिक की वृद्धि के साथ कुल चार करोड़ रुपये से अधिक राजस्व प्राप्त हुआ।
