
छतरपुर। मध्य प्रदेश विद्युत वितरण कंपनी ने जिले में बिजली चोरी के खिलाफ तीन दिवसीय विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। अभियान के दौरान शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में कुल 140 उपभोक्ता बिजली चोरी करते पकड़े गए, जबकि 80 मामलों में मौके पर ही पंचनामा तैयार किया गया। जांच में कई उपभोक्ता स्मार्ट मीटर को बायपास कर सीधे लाइन से बिजली का उपयोग करते मिले।
कार्यपालन अभियंता अमर श्रीवास्तव के निर्देश पर गठित टीमों ने छतरपुर शहर के अलावा नौगांव, हरपालपुर, कदवां, पड़ारिया, निवारी, राधेपुर, नारायणपुरा, माधवपुर, देवपुर, टीकर और कटरा सहित कई ग्रामीण क्षेत्रों में एक साथ जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान कई घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में स्मार्ट मीटर से छेड़छाड़ कर एसी, कूलर, हीटर, इंडक्शन जैसे अधिक बिजली खपत वाले उपकरण अवैध रूप से संचालित किए जाते पाए गए।
बिजली कंपनी ने सभी मामलों में विद्युत अधिनियम की धारा 135, 126 और 138 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। संबंधित उपभोक्ताओं को नोटिस जारी किए जा रहे हैं। विभाग ने चेतावनी दी है कि निर्धारित समय सीमा में शमन शुल्क और क्षतिपूर्ति राशि जमा नहीं करने वालों के खिलाफ न्यायालय में प्रकरण दर्ज कराया जाएगा, जिसमें जुर्माने के साथ जेल का भी प्रावधान है।
कार्यपालन अभियंता अमर श्रीवास्तव ने बताया कि बिजली चोरी के कारण लाइन, ट्रांसफार्मर और केबल ओवरलोड हो रहे हैं, जिससे आम उपभोक्ताओं को लो-वोल्टेज और बार-बार बिजली कटौती की समस्या का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि अधिक लाइन लॉस वाले क्षेत्रों में दिन और रात दोनों समय अभियान जारी रहेगा। साथ ही लोगों से वैध बिजली कनेक्शन का उपयोग करने और बिजली चोरी की सूचना विभाग को देने की अपील की गई है।
