चेन्नई, 21 अप्रैल (वार्ता) भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने सोमवार को एक नयी उपलब्धि हासिल करते हुए स्पैडेक्स उपग्रहों – एसडीएक्स01 (टारगेट) और एसडीएक्स02 (चेज़र) को चार महीने में दूसरी बार सफलतापूर्वक डॉक (जोड़ना) किया।
गौरतलब है कि इन दोनों उपग्रहों को स्पैडेक्स डॉकिंग प्रयोग मिशन के तहत 30 दिसंबर, 2024 को प्रक्षेपित किया गया था और इसरो ने अपने पहले प्रयास में इसे सफलतापूर्वक डॉक और अनडॉक किया था। इस साल जनवरी में पहले सफल प्रयास के बाद चार महीने में दूसरी बार दो उपग्रहों को डॉक किया गया है और दो महीने बाद इसे अनडॉक किया गया है। केंद्रीय अंतरिक्ष राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, “यह बताते हुए खुशी हो रही है कि उपग्रहों की दूसरी डॉकिंग सफलतापूर्वक पूरी हो गई है।”
उन्होंने कहा, “जैसा कि पहले बताया गया था, पीएसएलवी-सी60/एसपीएडीईएक्समिशन को 30 दिसंबर 2024 को सफलतापूर्वक लॉन्च किया गया था। इसके बाद, उपग्रहों को पहली बार 16 जनवरी 2025 को सुबह 06:20 बजे सफलतापूर्वक डॉक किया गया और 13 मार्च 2025 को सुबह 09:20 बजे सफलतापूर्वक अनडॉक किया गया।” उन्होंने पोस्ट में कहा, “अगले दो हफ्तों में आगे के प्रयोगों की योजना बनाई गई है।”
इसरो के अनुसार यह ऐतिहासिक उपलब्धि 19 अप्रैल 1975 को भारत के पहले उपग्रह आर्यभट्ट के प्रक्षेपण की 50वीं वर्षगांठ के साथ मेल खाती है।
