
बरगवां। जिले के बरगवां थाना क्षेत्र में बीते 27 जनवरी को हुए अवैध शराब के खुलासे के मामले में फरार चल रहे आरोपी को आज दिन बुधवार को बरगवां निरीक्षक मो. वारसी समेत अन्य पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान राकेश कुमार जायसवाल पिता देवधारी प्रसाद जायसवाल उम्र 27 वर्ष निवासी बरगवां के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार 27 जनवरी को की गई कार्रवाई के दौरान आरोपी के कब्जे से करीब 76 लीटर अवैध विदेशी व देशी शराब के साथ अवैध बियर जप्त की गई थी, जिसकी कीमत करीब हजारों में आंकी गई थी। इसके साथ ही अपराध में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जप्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 50 हजार रुपये बताई गई है। इस मामले के खुलासे के बाद से आरोपी फरार था। पुलिस द्वारा लगातार तलाश और दबिश के बाद आज उसे गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी राकेश को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अवैध शराब के खिलाफ अभियान निरंतर जारी रहेगा और फरार आरोपियों पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।
