
रीवा:धान उपार्जन को लेकर प्रशासन ने तैयारी पूरी कर ली है. जिले के बाहर से आने वाली धान पर सख्त पहरा होगा.दरअसल रीवा एवं मऊगंज के व्यापारी चोरी छिपे जिले की बाहर की धान लेकर आते है और बिक्री करते है. मऊगंज के हनुमना और रीवा के चाकघाट बार्डर पर सख्त पहरा होगा ताकि यूपी से आने वाली अवैध धान को रोका जा सके. संभागीय दल भी गठित किया गया है जो नजर रखेगा.
शासन द्वारा निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य पर एक दिसम्बर से धान, मक्का तथा कोदो-कुटकी का उपार्जन खरीदी केन्द्रों से किया जाएगा. रीवा संभाग के कमिश्नर बीएस जामोद ने उपार्जन की निगरानी के लिए तीन सदस्यीय संभागीय दल तैनात किया है. इस संबंध में कमिश्नर ने बताया कि संयुक्त आयुक्त सुदेश कुमार मालवीय को दल का नोडल अधिकारी बनाया गया है.
दल में संयुक्त संचालक कृषि मनोज कश्यप को सहायक नोडल अधिकारी तथा सहायक संचालक कृषि डॉ सुरेश पटेल को सहायक बनाया गया है. दल संभाग के सभी जिलों में उपार्जन के समय खरीदी केन्द्रों का निरीक्षण करके उपार्जन की मॉनीटरिंग करेगा. कमिश्नर ने सभी एसडीएम और तहसीलदारों को भी खरीदी केन्द्रों का निरीक्षण करके नियमित रूप से प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं.
