मुंबई, 25 फरवरी (वार्ता) विदेशों से मिले सकारात्मक संकेतों के बीच घरेलू शेयर बाजारों में बुधवार को तेजी रही। आईटी, ऑटो, फार्मा और धातु कंपनियों में जोरदार लिवाली के समर्थन से बीएसई का सेंसेक्स 50.15 अंक (0.06 प्रतिशत) ऊपर 82,276.07 अंक पर और निफ्टी-50 सूचकांक 57.85 अंक यानी 0.23 प्रतिशत चढ़कर 25,482.50 अंक पर बंद हुआ। पिछले कारोबारी दिवस पर दोनों प्रमुख सूचकांक एक प्रतिशत से अधिक टूटे थे। एफएमसीजी, सार्वजनिक बैंकों, रियलटी और तेल एवं गैस सेक्टरों की कंपनियों में बिकवाली का जोर रहा। अन्य एशियाई बाजारों में रही तेजी से शुरुआती कारोबार में घरेलू बाजारों में भी निवेश धारणा मजबूत रही। सेंसेक्स सुबह 732 अंक की बढ़त बनाता हुआ 82,957 अंक तक पहुंच गया था, लेकिन रिलायंस इंडस्ट्रीज में गिरावट के दबाव में बाद में इसकी बढ़त सीमित रह गयी। बड़ी कंपनियों की तुलना में छोटी और मझौली कंपनियों में ज्यादा तेजी रही। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.66 प्रतिशत और निफ्टी स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.94 प्रतिशत चढ़ गया।
एचसीएल टेक्नोलॉजीज और टाटा स्टील के शेयर ढाई फीसदी से ज्यादा चढ़े। टीसीएस में दो प्रतिशत से ज्यादा की तेजी रही। इंडिगो, सनफार्मा, महिंद्रा एंड महिंद्रा, मारुति सुजुकी, टेक महिंद्रा, एक्सिस बैंक, आईसीआईसीआई बैंक और इंफोसिस के शेयर एक से दो प्रतिशत के बीच चढ़े। बीईएल, एलएंडटी, पावरग्रिड, टाइटन, हिंदुस्तान यूनीलिवर, एनटीपीसी और अल्ट्राटेक सीमेंट में भी तेजी रही। रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर करीब सवा दो प्रतिशत गिर गया। भारतीय स्टेट बैंक, अडानी पोर्ट्स, इटरनल, भारती एयरटेल और आईटीसी के शेयर भी एक से दो फीसदी नीचे बंद हुए। कोटक महिंद्रा बैंक और एचडीएफसी बैंक में भी गिरावट रही।

