दो- दो साइलेंसर लगाकर छात्र ने सड़क पर दिखाई हवा बाजी

जबलपुर: शहर में मॉडिफाइड साइलेंसर और नाबालिग छात्रों द्वारा वाहन चलाने की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। रानीताल चौराहे से मालवीय चौक के बीच एक छात्र स्कूल/कॉलेज यूनिफॉर्म में तेज रफ्तार से बाइक चलाते हुए नजर आया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वह सड़क पर ‘हवा बाजी’ करते हुए अन्य वाहनों को भी जोखिम में डाल रहा था।
दो साइलेंसर और दोनों इंडिकेटर ऑन
बताया जा रहा है कि बाइक में दो साइलेंसर लगे हुए थे और दोनों इंडिकेटर एक साथ जल रहे थे। छात्र ने हेलमेट भी नहीं पहना था। तेज आवाज और लापरवाही भरे अंदाज में बाइक चलाने से आसपास के लोग और राहगीर दहशत में आ गए। इसके अलावा मॉडिफाइड साइलेंसर से निकलने वाली तेज आवाज से लोग सहम से गए, लेकिन छात्र को इससे कोई मतलब नहीं था, वह अपनी ही धुन में हवाबाज़ी के साथ अपनी बाइक स्टंट भरे अंदाज में चलाए जा रहा था।
नंबर प्लेट गायब, पहचान मुश्किल
हैरानी की बात है कि उस बाइक पर वैध नंबर प्लेट की जगह केवल दो अंग्रेजी अक्षर लिखे हुए थे, जिससे वाहन स्वामी की पहचान करना मुश्किल हो रहा है। इस तरह की हरकतें करने वाले शहर में कई नाबालिग छात्र और बिना ड्राइविंग लाइसेंस वाले युवक सड़कों पर बेखौफ वाहन चलाते दिखाई दे रहे हैं। कई मामलों में अभिभावक ही बच्चों को वाहन सौंप देते हैं, जबकि उन्हें नियमों और सुरक्षा की जानकारी तक नहीं होती।
पुलिस की कार्यवाही का नहीं दिख रहा असर
यातायात पुलिस और थानों द्वारा लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है और चालान भी काटे जा रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद ऐसे मामलों में कमी नहीं आ रही है। शहरवासियों ने मांग की है कि मॉडिफाइड साइलेंसर, बिना नंबर प्लेट और बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के खिलाफ कड़ी और प्रभावी कार्रवाई की जाए, ताकि सड़कों पर अनुशासन और सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

Next Post

दादी की अर्थी को हाथ लगाने पर विवाद, परिजनों में मारपीट

Wed Feb 25 , 2026
इंदौर: चन्द्रवतीगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पोटलोद में पारिवारिक बंटवारे के बाद उपजे विवाद ने अंतिम संस्कार के दौरान तूल पकड़ लिया. दादी की अर्थी को हाथ लगाने की बात को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई. पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है.पुलिस के अनुसार […]

You May Like