सागर। उपमुख्यमंत्री एवं सागर जिले की प्रभारी मंत्री राजेंद्र शुक्ल ने रहली विधानसभा क्षेत्र के गढ़ाकोटा में सिविल अस्पताल में डायलिसिस मशीन का लोकार्पण किया। प्रभारी मंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि मध्यप्रदेश की सरकार डॉक्टर पैरामेडिकल की कमी को देखते हुए 30000 से अधिक पदों पर भर्ती का कार्य कर रही है जिससे मध्य प्रदेश में डॉक्टरों की कमी पूरी होगी। उन्होंने कहा कि डॉक्टर की पहली पोस्टिंग गढ़ाकोटा सिविल अस्पताल में ही की जाएगी जिससे कि यहां की कमी भी पूरी होगी । उन्होंने कहा कि डायलिसिस मशीन का लोकार्पण ऐसा पहली बार हुआ है, जब लोकार्पण के पूर्व ही व्यक्ति का डायलिसिस हो रहा था यह देखकर बड़ी खुशी हुई उन्होंने डायलिसिस कर रहे व्यक्ति से चर्चा की। विधायक एवं पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग में काम करने से मानव सेवा भी होती है ,उन्होंने कहा कि व्यक्ति की जान से बड़ी कोई कीमत नहीं होती इसलिए हमें सभी की जान बचाना चाहिए । श्री भार्गव ने कहा कि पुत्र अभिषेक भार्गव एवं पुत्रवधू श्रीमती शिल्पी भार्गव के द्वारा वेदिका फाउंडेशन के माध्यम से छोटे-छोटे बच्चों के दिल में छेद होने एवं अन्य बीमारी होने का इलाज निशुल्क करने का कार्य किया जा रहा है इसके लिए हमने अपने खर्चे पर चार एंबुलेंस के माध्यम से बच्चों को परीक्षण करने के बाद इंदौर भेज कर उनका इलाज कराया जा रहा है। कार्यक्रम का संचालन विक्की जैन ने किया जबकि आभार डॉक्टर ममता तिमोरी ने माना।
